'ये कोई फिल्म नहीं…' प्रीति जिंटा ने दिया धुरंधर का रिव्यू, बताया कैसे देखी 3.5 घंटे लंबी फिल्म
प्रीति जिंटा ने रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर को मास्टरपीस बताया है. उन्होंने आदित्य धर के निर्देशन और पूरी स्टारकास्ट की जमकर तारीफ करते हुए इसे देशभक्ति से भरा एक भावनात्मक प्रेम पत्र कहा.
रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर लगातार चर्चा में बनी हुई है. बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई के साथ साथ अब फिल्म को इंडस्ट्री के बड़े सितारों से भी जबरदस्त सराहना मिल रही है. इस कड़ी में एक्ट्रेस प्रीति जिंटा का नाम भी जुड़ गया है. प्रीति ने सोशल मीडिया पर धुरंधर की खुलकर तारीफ करते हुए इसे लंबे समय में देखी गई सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक बताया है.
प्रीति जिंटा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने धुरंधर को अकेले थिएटर में देखा. दोपहर का शो पूरी तरह हाउसफुल था और यह अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा. उन्होंने लिखा कि बहुत समय बाद किसी फिल्म ने उन्हें इस तरह बांधे रखा और तीन घंटे कब बीत गए, इसका अहसास तक नहीं हुआ.
प्रीति जिंटा ने किया धुरंधर का रिव्यू
प्रीति ने फिल्म में रणवीर सिंह के अभिनय की खास तौर पर सराहना की. इसके साथ ही उन्होंने अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन की परफॉर्मेंस को भी शानदार बताया. उनका कहना था कि हर कलाकार ने अपने किरदार में जान डाल दी है और फिल्म को एक अलग ऊंचाई पर पहुंचा दिया है.
एक्ट्रेस ने धुरंधर के म्यूजिक को दिल को छू लेने वाला बताया. उन्होंने कहा कि बैकग्राउंड स्कोर और गाने फिल्म की भावनाओं को और गहरा बना देते हैं. सबसे ज्यादा तारीफ उन्होंने निर्देशक आदित्य धर के काम की की. प्रीति के मुताबिक, फिल्म इतनी कठिन थी लेकिन उसे इतने दिल से बनाया गया है कि दर्शक खुद को कहानी से जुड़ा हुआ महसूस करता है.
धुरंधर को दोबारा देखना चाहती हैं प्रीति
प्रीति जिंटा ने धुरंधर को सिर्फ एक फिल्म मानने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि यह हर उस अनजान पुरुष और महिला के लिए एक प्रेम पत्र है, जो देश की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं. उनके मुताबिक, फिल्म देशभक्ति को बिना शोर शराबे के बेहद ईमानदार तरीके से सामने रखती है.
अपने पोस्ट में प्रीति ने यह भी कहा कि वह धुरंधर को दोबारा देखने के लिए पहले से ही तैयार हैं. उन्होंने पूरी कास्ट और क्रू को इस मास्टरपीस को जीवंत करने के लिए बधाई दी और दर्शकों से अपील की कि वे इस फिल्म को मिस न करें.
आदित्य धर का भावुक जवाब
प्रीति जिंटा की तारीफ पर निर्देशक आदित्य धर ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि प्रीति के शब्दों ने उन्हें विनम्र कर दिया है. आदित्य के मुताबिक, जब दिल और विश्वास से बनाई गई फिल्म किसी ऐसे व्यक्ति तक पहुंचती है, जो सिनेमा को गहराई से महसूस करता है, तो वह पल बेहद खास होता है. उन्होंने धुरंधर को उन अनगिनत गुमनाम नायकों को समर्पित बताया, जिनका जिक्र प्रीति ने किया.