'kalki में जोकर लग रहे थे प्रभास', जानें क्यों मुन्ना भाई के सर्किट ने की इतनी तीखी टिप्पणी

Arshad Warsi on Prabhas in Kalki 2898 AD: कल्कि 2898 AD भले ही साल की सबसे बड़ी फिल्म हो लेकिन जॉली एलएलबी और मुन्ना भाई एमबीबीएस जैसी फिल्मों में अपने किरदार के लिए मशहूर अरशद वारसी इसके फैन नहीं हैं. एक इंटरव्यू के दौरान अरशद वारसी ने कहा कि उन्हें मैड मैक्स के लेवल की उम्मीद थी लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी.

IDL
India Daily Live

Arshad Warsi on Prabhas in Kalki 2898 AD: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अरशद वारसी अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं. हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने अपनी जिंदगी, करियर और हाल ही में देखी गई फिल्मों के बारे में खुलकर बात की. इस दौरान उन्होंने फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' के बारे में भी अपनी राय रखी, जो काफी दिलचस्प रही.

अमिताभ की तारीफ पर प्रभास को बताया जोकर

अरशद ने फिल्म में अमिताभ बच्चन की तारीफ करते हुए कहा, "मैंने कल्कि देखी, मुझे तो नहीं अच्छी लगी. मुझे बहुत तकलीफ होती है जब... अमित जी थे ना (मंत्रमुग्ध होकर) अविश्वसनीय. मैं उस आदमी को समझ नहीं सकता. मैं कसम खाता हूं अगर हमें उनके जैसी शक्ति मिल जाए तो हमारी लाइफ बन जाए. वो अतुलनीय हैं."

लेकिन उन्होंने फिल्म की आलोचना करते हुए कहा, "प्रभास, मैं वास्तव में दुखी हूं, वह क्यों था... वह एक जोकर जैसा था. क्यों? मैं एक मैड मैक्स देखना चाहता हूं. मैं वहां मेल गिब्सन देखना चाहता हूं. तुमने उसको क्या बना दिया यार. क्यों करते हो ऐसा मुझे नहीं समझ में आता."

कल्कि ने कमाए 1100 करोड़

कल्कि 2898 एडी का निर्देशन नाग अश्विन ने किया था और इसमें मुख्य भूमिका में प्रभास थे. फिल्म में दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और कई अन्य दक्षिण भारतीय सितारों ने विशेष भूमिका निभाई थी. यह फिल्म महाभारत के युग से प्रेरित एक डिस्टोपियन साइंस फिक्शन कहानी थी. इसने दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस पर 1100 करोड़ रुपये की कमाई की.

जल्द जॉली एलएलबी-3 में नजर आएंगे वारसी

अपनी हालिया फिल्मों के बारे में बात करते हुए, अरशद ने 'श्रीकांत' में राजकुमार राव की तारीफ की. उन्होंने 'मुंज्या' और 'किल' देखने की इच्छा भी जताई. अरशद को आखिरी बार वेब सीरीज 'असुर' और 'मॉडर्न लव मुंबई' में देखा गया था. वह जल्द ही अक्षय कुमार के साथ 'जॉली एलएलबी 3' में नजर आएंगे.

उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1996 में फिल्म 'तेरे मेरे सपने' से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान 'मुन्ना भाई' सीरीज में 'सर्किट' के किरदार से मिली. इसके बाद उन्होंने 'धमाल' और 'गोलमाल' जैसी कॉमेडी फिल्मों से लेकर 'सेहर' और 'जॉली एलएलबी' जैसी गंभीर भूमिकाओं में भी शानदार अभिनय किया है.