टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में 'फूलन' ने मचाया धमाल, रिची मेहता की फिल्म को मिला स्टैंडिंग ओवेशन
रिची मेहता की 'फूलन' को TIFF में इंटरनेशनल प्रीमियर के दौरान दिखाया गया और फिल्म खत्म होते ही दर्शकों ने स्टैंडिंग ओवेशन दिया.
Toronto Film Festival: चंबल की दस्यु सुंदरी फूलन देवी की जिंदगी पर बनी फिल्म 'फूलन' ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में धमाका कर दिया. कनाडाई निर्देशक रिची मेहता की इस फिल्म का इंटरनेशनल प्रीमियर 16 सितंबर 2026 को 51वें टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में हुआ. फिल्म देखने के बाद दर्शकों ने थिएटर में खड़े होकर तालियां बजाईं.
टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में 'फूलन' ने मचाया धमाल
फूलन देवी का जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा. चंबल के बीहड़ों से शुरू होकर वे संसद तक पहुंचीं. इसी सफर को फिल्म में दिखाया गया है. रिची मेहता ने इस कहानी को बड़ी संवेदनशीलता के साथ परदे पर उतारा है. फिल्म को फेस्टिवल के स्पेशल प्रेजेंटेशन सेक्शन में प्रिंसेस ऑफ वेल्स थिएटर में दिखाया गया. वहां दो हजार से ज्यादा दर्शक मौजूद थे. फिल्म खत्म होते ही पूरा थिएटर तालियों से गूंज उठा. लोग भावुक हो गए और स्टैंडिंग ओवेशन देते रहे.
रिची मेहता की फिल्म को मिला स्टैंडिंग ओवेशन
फिल्म की निर्माता शरीन मंत्री केडिया ने इस मौके को टीम के लिए गर्व का पल बताया. उन्होंने कहा कि रिची मेहता ने हर फ्रेम में ईमानदारी और संवेदनशीलता भरी है. स्नेहा कुमारी ने फूलन देवी का किरदार निभाया है और उनकी अदाकारी वाकई बेहतरीन है. उन्हें यकीन है कि यह प्रदर्शन दर्शकों के दिल को छूएगा.
Also Read
प्रीमियर में फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही. मुख्य अभिनेत्री स्नेहा कुमारी के साथ अनुराग ठाकुर, आकाश दहिया और विक्रम प्रताप सिंह भी पहुंचे. निर्देशक रिची मेहता और अन्य निर्माता भी वहां थे. सभी ने दर्शकों के इस जोशीले स्वागत को यादगार बताया.
यह फिल्म सिर्फ एक बायोपिक नहीं, बल्कि एक मजबूत महिला की कहानी है जो कई मुश्किलों से गुजरकर आगे बढ़ी. टोरंटो जैसे बड़े फेस्टिवल में इसका प्रीमियर होना और वहां स्टैंडिंग ओवेशन मिलना टीम के लिए बड़ी उपलब्धि है. दर्शकों की प्रतिक्रिया से साफ है कि फूलन देवी की कहानी आज भी लोगों को छूती है.