सलमान खान की फटकार के बाद झुके पाकिस्तानी RJ, कैटरीना कैफ से मांगी माफी

कैटरीना कैफ को लेकर की गई टिप्पणी पर पाकिस्तानी RJ डॉ. एजाज़ वारिस ने माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि उनका इरादा बॉडी-शेमिंग का नहीं था और उन्होंने बातचीत के दौरान हल्के मजाक के तौर पर यह बात कही थी.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ को लेकर की गई एक टिप्पणी के बाद पाकिस्तानी रेडियो जॉकी डॉ. एजाज़ वारिस ने अब सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है. कुछ समय पहले उन्होंने कैटरीना कैफ के लुक और प्रेग्नेंसी के बाद बढ़े वजन को लेकर टिप्पणी की थी. यह मामला उस समय सामने आया था, जब कैटरीना अपने पति और अभिनेता विक्की कौशल के साथ अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में नजर आई थीं.

इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हुई. हालांकि कैटरीना कैफ ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. बाद में अभिनेता सलमान खान ने बिग बॉस 20 के मंच पर बॉडी-शेमिंग और किसी के शरीर को लेकर टिप्पणी करने के मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की. इसके बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया.

पाकिस्तानी RJ ने वीडियो शेयर कर मांगी माफी

डॉ. एजाज़ वारिस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कैटरीना कैफ के साथ-साथ सलमान खान और उन लोगों से भी माफी मांगी, जिन्हें उनकी टिप्पणी से ठेस पहुंची. RJ ने अपनी सफाई में कहा कि उनकी बात किसी को नीचा दिखाने या बॉडी-शेमिंग करने के इरादे से नहीं कही गई थी. उन्होंने माना कि बातचीत के दौरान उनके मुंह से ऐसी बात निकल गई, जिसे उन्हें नहीं कहना चाहिए था. उन्होंने कहा कि उन्हें बाद में महसूस हुआ कि उनकी टिप्पणी गलत थी और वह अपनी कही बात को वापस लेना चाहते हैं.


‘मैंने हल्का सा मजाक किया था’

डॉ. एजाज़ वारिस ने बताया कि वह अंबानी परिवार के गणेश चतुर्थी समारोह में नजर आए कपल्स के लुक्स पर बात कर रहे थे. इसी बातचीत के दौरान उन्होंने कैटरीना को लेकर एक टिप्पणी कर दी. उन्होंने इसे बातचीत के दौरान इस्तेमाल की गई एक हल्की-फुल्की हुकलाइन बताया. हालांकि बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह मजाक गलत तरीके से लिया जा सकता है और इससे कैटरीना या उनके प्रशंसकों की भावनाएं आहत हो सकती हैं.

RJ ने अपनी माफी में साफ किया कि उनका उद्देश्य कैटरीना कैफ को बॉडी-शेम करना नहीं था. इसके बावजूद उन्होंने अपनी टिप्पणी को गलत मानते हुए माफी मांगने की बात कही.

सलमान खान ने बिग बॉस में उठाया था मुद्दा

यह विवाद तब और चर्चा में आया जब सलमान खान ने बिग बॉस 20 के दौरान बॉडी-शेमिंग से जुड़ी टिप्पणियों पर बात की. सलमान ने इस तरह की टिप्पणियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और किसी के शरीर या वजन को लेकर सार्वजनिक टिप्पणी करने के तरीके पर सवाल उठाया. सलमान और कैटरीना कैफ लंबे समय तक एक-दूसरे के साथ फिल्मी और निजी रिश्ते को लेकर चर्चा में रहे हैं. दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम भी किया है. हालांकि दोनों अब अपने-अपने जीवन में आगे बढ़ चुके हैं.