Sawan 2026

22 साल की उम्र में शादी के लिए छोड़ा सुपरहिट करियर, आज 68 की उम्र में नेटफ्लिक्स पर धमाका कर रही हैं ये एक्ट्रेस

नीतू कपूर की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. उन्होंने कम उम्र में अभिनय शुरू किया. करियर के सबसे सफल दौर में शादी कर परिवार को चुना. कई साल बाद फिल्मों में शानदार वापसी की और अब उनकी नई फिल्म दादी की शादी नेटफ्लिक्स पर सबसे ज्यादा देखी जा रही है.

Pinterest
Babli Rautela

मुंबई: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसी अभिनेत्रियां रही हैं जिन्होंने अपने अभिनय और मेहनत के दम पर अलग पहचान बनाई. उन्हीं में एक नाम नीतू कपूर का भी है. सत्तर के दशक में अपनी शानदार अदाकारी और चुलबुले अंदाज से लाखों दिलों पर राज करने वाली नीतू कपूर आज भी दर्शकों की पसंद बनी हुई हैं. खास बात यह है कि लंबे समय तक फिल्मों से दूर रहने के बाद भी उन्होंने वापसी की और अब उनकी फिल्म दादी की शादी नेटफ्लिक्स पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है.

नीतू कपूर का जन्म 8 जुलाई 1958 को नई दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था. उनका असली नाम हरनीत कौर था. बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया था. इसके बाद परिवार मुंबई आ गया. यहीं से उनके अभिनय सफर की शुरुआत हुई. उन्होंने बहुत छोटी उम्र में फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया और बाल कलाकार के रूप में दर्शकों का दिल जीत लिया.

छोटी उम्र में शुरू किया फिल्मों में काम

फिल्मों में शुरुआत के दौरान उन्हें बेबी सोनिया और बेबी नीतू के नाम से पहचाना जाता था. साल 1966 में आई फिल्म सूरज से उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद दस लाख और दो कलियां जैसी फिल्मों में उनके काम को खूब सराहा गया. खासकर दो कलियां में निभाए गए उनके दोहरे किरदार ने उन्हें घर घर में पहचान दिलाई. बाल कलाकार के बाद नीतू कपूर ने मुख्य अभिनेत्री के रूप में भी शानदार शुरुआत की. उनकी फिल्मों ने लगातार सफलता हासिल की और वह सत्तर के दशक की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाने लगीं. कभी कभी, यादों की बारात, दीवार, खेल खेल में, काला पत्थर, अमर अकबर एंथनी, रफू चक्कर और दूसरा आदमी जैसी फिल्मों में उनके अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया.


करियर के पीक पर ऋषि कपूर से की शादी

नीतू कपूर की जोड़ी अभिनेता ऋषि कपूर के साथ सबसे ज्यादा पसंद की जाती थी. दोनों ने एक साथ कई सफल फिल्मों में काम किया. पर्दे पर उनकी शानदार केमिस्ट्री धीरे धीरे असल जिंदगी के रिश्ते में बदल गई. इसके बाद 22 जनवरी 1980 को दोनों ने शादी कर ली. उस समय नीतू कपूर अपने करियर के सबसे सफल दौर में थीं. लेकिन उन्होंने परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हुए फिल्मों से लंबा ब्रेक लेने का फैसला किया.

26 साल बाद की फिल्मों में वापसी

करीब 26 साल बाद नीतू कपूर ने एक बार फिर अभिनय की दुनिया में वापसी की. उनकी वापसी को दर्शकों ने खुले दिल से स्वीकार किया. लव आज कल. दो दूनी चार. जब तक है जान. बेशरम और जुग जुग जियो जैसी फिल्मों में उन्होंने अपने अनुभव और सशक्त अभिनय से नई पीढ़ी को भी प्रभावित किया. समय के साथ नीतू कपूर ने यह साबित किया कि प्रतिभा कभी पुरानी नहीं होती. आज भी उनकी लोकप्रियता पहले जैसी बनी हुई है. उनकी हालिया फिल्म दादी की शादी नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद तेजी से दर्शकों की पसंद बन गई है. फिल्म को भारत में शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और यह प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में शामिल हो चुकी है.

नीतू कपूर का सफर यह दिखाता है कि सफलता केवल लगातार काम करने से नहीं बल्कि सही समय पर सही फैसले लेने से भी मिलती है. उन्होंने परिवार और करियर दोनों को संतुलित किया. यही वजह है कि दशकों बाद भी उनकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है. आज की युवा पीढ़ी के लिए उनका जीवन प्रेरणा का उदाहरण है कि मेहनत और समर्पण के दम पर हर दौर में नई शुरुआत की जा सकती है.