'आर्टिकल 370' ने जीते 3 नेशनल अवॉर्ड, खुशी में झूमे यामी गौतम-आदित्य धर; स्टेज पर दिखा खास नजारा
'आर्टिकल 370' के लिए यामी गौतम और आदित्य धर के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स 2026 बेहद खास रहा. फिल्म ने तीन राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए. यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला, जबकि आदित्य धर ने फिल्म के प्रोड्यूसर के तौर पर सम्मान हासिल किया.
यामी गौतम और उनके पति आदित्य धर के लिए 23 सितंबर 2026 का दिन बेहद खास बन गया. उनकी 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'आर्टिकल 370' ने नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में तीन पुरस्कार अपने नाम किए. इस खास मौके पर यामी गौतम और आदित्य धर साथ नजर आए और दोनों ने एक-दूसरे का हौसला भी बढ़ाया. फिल्म के लिए यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस इन ए लीडिंग रोल का सम्मान मिला. वहीं आदित्य धर ने फिल्म के प्रोड्यूसर के तौर पर अवॉर्ड हासिल किया. फिल्म के म्यूजिक के लिए शाश्वत सचदेव को भी राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
यामी गौतम के लिए पहला नेशनल अवॉर्ड
यामी गौतम के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनका पहला नेशनल फिल्म अवॉर्ड है. स्टेज पर जब उनका नाम पुरस्कार के लिए पुकारा गया तो समारोह में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया. यामी ने इस सम्मान को अपने करियर की बड़ी पहचान बताया. एक अभिनेत्री के तौर पर लंबे समय से काम कर रहीं यामी के लिए 'आर्टिकल 370' का यह सम्मान उनके करियर के यादगार पलों में शामिल हो गया है.
आदित्य धर को भी मिला सम्मान
'आर्टिकल 370' के प्रोड्यूसर आदित्य धर को भी फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला. वह फिल्म की सफलता के साथ-साथ अब इसके राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने को लेकर भी बेहद खुश नजर आए. रेड कार्पेट पर बातचीत के दौरान आदित्य धर ने अपनी आने वाली फिल्म 'धुरंधर' का भी जिक्र किया. उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल के नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में 'धुरंधर' को लेकर भी चर्चा हो. हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उस दिन का फोकस 'आर्टिकल 370' की उपलब्धि पर है.
Also Read
- Rahul Vaidya Birthday: किसकी सलाह पर म्यूजिक इंडस्ट्री में उतरे थे राहुल वैद्य? बचपन में ही थाम लिया था संगीत की दुनिया का दामन
- Prem Chopra Birthday: हीरो बनने आए थे मुंबई, विलेन बनकर रचा इतिहास; कैसे सिर्फ एक डायलॉग से छा गए प्रेम चोपड़ा
- ‘कैप्टन मिलर’ के लिए धनुष को मिला नेशनल अवॉर्ड, ‘रायन’ भी बनी बेस्ट तमिल फिल्म
शाश्वत सचदेव को भी मिला नेशनल अवॉर्ड
'आर्टिकल 370' के लिए शाश्वत सचदेव को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला. अवॉर्ड लेने के बाद उन्होंने आदित्य धर की ओर फ्लाइंग किस किया. शाश्वत सचदेव का आदित्य धर के साथ पुराना प्रोफेशनल कनेक्शन भी है. वह आदित्य धर की 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी के लिए भी म्यूजिक तैयार कर रहे हैं. ऐसे में समारोह में दोनों के बीच का यह पल खास रहा. 'आर्टिकल 370' को तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद आदित्य धर ने जूरी और फिल्म से जुड़े सभी लोगों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि फिल्म बनाते समय उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य पुरस्कार हासिल करना नहीं, बल्कि ईमानदारी और पूरी प्रतिबद्धता के साथ कहानी दर्शकों तक पहुंचाना था.
आदित्य ने फिल्म के निर्देशक आदित्य सुहास जांभले, यामी गौतम, प्रियामणि, शाश्वत सचदेव और पूरी कास्ट-क्रू को इस उपलब्धि का हिस्सा बताया. उन्होंने जियो स्टूडियोज और फिल्म से जुड़े सहयोगियों का भी धन्यवाद किया.