'मिर्जापुर- द मूवी' का धमाकेदार टीजर आउट: पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु का दिखा खतरनाक अवतार
पॉपुलर वेब सीरीज 'मिर्जापुर' अब बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है. फिल्म 'मिर्जापुर- द मूवी' का टीजर आज रिलीज हो गया है, जिसमें एक्शन, तनाव और गद्दी की जंग साफ नजर आ रही है.
Mirzapur The Movie Teaser: दुनिया भर के दर्शकों को सालों से इंतजार था और आखिरकार वो पल आ गया है. पॉपुलर वेब सीरीज 'मिर्जापुर' अब बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है. फिल्म 'मिर्जापुर- द मूवी' का टीजर आज रिलीज हो गया है, जिसमें एक्शन, तनाव और गद्दी की जंग साफ नजर आ रही है.
'मिर्जापुर- द मूवी' का धमाकेदार टीजर आउट
टीजर देखते ही फैंस का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया है. टीजर में पंकज त्रिपाठी यानी कालीन भैया, अली फजल यानी गुड्डू पंडित और दिव्येंदु यानी मुन्ना भैया अपने सबसे खतरनाक रूप में दिख रहे हैं. तीनों के बीच मिर्जापुर की सत्ता की लड़ाई और भी तेज हो गई है. 'मिर्जापुर- द मूवी' 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.
खास बात यह है कि टीजर में भरपूर एक्शन सीक्वेंस हैं. अली फजल और दिव्येंदु हाथापाई और दमदार फाइट करते नजर आ रहे हैं. बैकग्राउंड में तनाव भरा म्यूजिक और मिर्जापुर की मिट्टी की वो गंध साफ महसूस होती है जो सीरीज के दीवानों को हमेशा आकर्षित करती रही है.
Also Read
फिल्म की स्टारकास्ट काफी मजबूत
फिल्म में सीरीज के सभी पसंदीदा किरदार वापसी कर रहे हैं. कालीन भैया की चालाकी, गुड्डू पंडित की आग और मुन्ना भैया की बेफिक्री वाली अदाकारी दोबारा स्क्रीन पर देखने को मिलेगी. इसके अलावा फिल्म की स्टारकास्ट काफी मजबूत है. जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौड़, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा और सोनल चौहान जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इतने बड़े कलाकारों का इकट्ठा होना फिल्म को और भी खास बना रहा है.
रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर कर रहे हैं प्रोड्यूस
'मिर्जापुर- द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह कर रहे हैं. कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है. फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर प्रोड्यूस कर रहे हैं. को-प्रोड्यूसर कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं. शुरुआत से ही 'मिर्जापुर' सीरीज ने अपनी सख्त कहानी, गैंगस्टर ड्रामा और यादगार डायलॉग्स के लिए खूब तारीफ बटोरी है. अब बड़े स्क्रीन पर ये कहानी और भी बड़े स्तर पर दिखेगी.