Mirzapur Shoorveer Controversy: 'मिर्जापुर- शूरवीर' विवाद में कोर्ट सख्त, महाराणा प्रताप गाने वाले सीन पर मेकर्स को फटकार
दिल्ली हाईकोर्ट ने मिर्जापुर: द मूवी के निर्माताओं पर सख्ती दिखाई. अदालत ने फिल्म में इस्तेमाल किए गए 'शूरवीर' गाने को लेकर सवाल उठाए. यह गाना महाराणा प्रताप को समर्पित है, लेकिन फिल्म के क्लाइमैक्स में गैंगस्टर किरदारों के साथ बजाया गया है.
Mirzapur Shoorveer Controversy: दिल्ली हाईकोर्ट ने मिर्जापुर: द मूवी के निर्माताओं पर सख्ती दिखाई. अदालत ने फिल्म में इस्तेमाल किए गए 'शूरवीर' गाने को लेकर सवाल उठाए. यह गाना महाराणा प्रताप को समर्पित है, लेकिन फिल्म के क्लाइमैक्स में गैंगस्टर किरदारों के साथ बजाया गया है.
'मिर्जापुर- शूरवीर' विवाद में कोर्ट सख्त
मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की बेंच ने निर्माताओं के वकील जय के भारद्वाज से कहा कि वे फिल्म देखकर आएं. अदालत ने पूछा कि क्या उनका विवेक इस बात से संतुष्ट है कि महाराणा प्रताप से जुड़ा गाना ऐसे दृश्य के बैकग्राउंड में चल रहा है. बेंच ने साफ कहा कि कल वापस आकर बताएं कि उनका कॉन्शस इस इस्तेमाल से खुश है या नहीं.
महाराणा प्रताप गाने वाले सीन पर मेकर्स को फटकार
यह मामला एक जनहित याचिका पर चल रहा है. याचिका में मांग की गई है कि फिल्म के क्लाइमैक्स से 'शूरवीर' गाने को हटाया जाए या उसकी जगह कोई और बैकग्राउंड स्कोर लगाया जाए. याचिकाकर्ता का कहना है कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से सम्मानित हस्तियों से जुड़े गाने या संगीत का इस्तेमाल उनके चरित्र, मूल्यों और विरासत के खिलाफ नहीं होना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों के लिए उचित दिशानिर्देश बनाने की भी अपील की है.
Also Read
'शूरवीर' गाना रैपरिया बालम ने जुलाई 2020 में रिलीज किया था. यह महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि के रूप में लिखा गया है. इसके बोलों में मेवाड़, चेतक, सम्मान, बलिदान और महाराणा की विरासत का जिक्र है. गाने की शुरुआत ही इन शब्दों से होती है – 'यह कोई गैंगस्टर सॉन्ग नहीं है.' याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत में यही बात रखी कि जब गाना खुद बताता है कि यह गैंगस्टर गीत नहीं है, तो फिल्म में गैंगस्टरों के साथ इसका इस्तेमाल उचित नहीं लगता.
एक्सेल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड फिल्म की निर्माता कंपनी है. अदालत ने उनके वकील को निर्देश दिया कि वे फिल्म का वह हिस्सा ध्यान से देखें और फिर जवाब दें. इस विवाद ने मनोरंजन जगत में चर्चा बढ़ा दी है. कई लोग कह रहे हैं कि ऐतिहासिक व्यक्तित्वों से जुड़े कलात्मक कार्यों का सम्मान बनाए रखना चाहिए.
मिर्जापुर सीरीज पहले से ही अपने बोल्ड और गैंगस्टर थीम के लिए जानी जाती है. अब मूवी वर्जन में इस गाने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है.