Mahima Chaudhary Birthday: शाहरुख के साथ डेब्यू, चेहरे में धंसे थे कांच के 67 टुकड़े, फिर भी नहीं मानी हार; जानें महिमा चौधरी का सफर
महिमा चौधरी 13 सितंबर को अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं. 'परदेस' से शाहरुख खान के साथ डेब्यू करने वाली महिमा ने कई यादगार फिल्मों में काम किया. 1999 का गंभीर कार हादसा और 2022 में ब्रेस्ट कैंसर उनकी जिंदगी के बडे संघर्ष रहे.
Mahima Chaudhary Birthday: बॉलीवुड अभिनेत्री महिमा चौधरी आज 13 सितंबर को अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं. 90 के दशक में अपनी मासूम मुस्कान और शानदार अभिनय से पहचान बनाने वाली महिमा ने अपने करियर की शुरुआत शाहरुख खान के साथ फिल्म 'परदेस' से की थी.
महिमा चौधरी का जन्म 13 सितंबर 1973 को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में हुआ था. उनका असली नाम ऋतु चौधरी था. एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले उन्होंने मॉडलिंग और विज्ञापनों में काम किया. वह कुछ म्यूजिक चैनलों में वीजे के तौर पर भी नजर आईं.
कब आई इनकी पहली फिल्म?
निर्देशक सुभाष घई ने उन्हें 1997 में रिलीज हुई फिल्म 'परदेस' के लिए चुना. इस फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान और अपूर्व अग्निहोत्री के साथ काम किया. महिमा ने फिल्म में गंगा का किरदार निभाया था. फिल्म की सफलता के बाद महिमा रातोंरात स्टार बन गईं और उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला.
Also Read
इन फिल्मों में दिखाया दम
महिमा ने 'दाग: द फायर', 'धड़कन', 'लज्जा', 'दिल है तुम्हारा', 'दिल क्या करे', 'कुरुक्षेत्र' और 'एलओसी कारगिल' जैसी फिल्मों में काम किया. 'लज्जा' में मैथिली और 'दिल है तुम्हारा' में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया.
एक हादसे ने बदल दी जिंदगी
साल 1999 में फिल्म 'दिल क्या करे' की शूटिंग के दौरान बंगलूरू में उनकी कार का एक ट्रक से एक्सीडेंट हो गया. हादसा इतना गंभीर था कि कार के शीशे टूटकर उनके चेहरे में धंस गए. सर्जरी के दौरान उनके चेहरे से 67 कांच के टुकडे निकाले गए थे. उन्हें डर था कि अगर लोगों को उनके चेहरे के बारे में पता चला तो उन्हें फिल्मों में काम मिलना बंद हो जाएगा. इसी वजह से उन्होंने हादसे की बात सार्वजनिक नहीं की और लंबे समय तक कैमरे से दूर रहीं.
शादी, बेटी और निजी जिंदगी
साल 2006 में महिमा ने आर्किटेक्ट और बिजनेसमैन बॉबी मुखर्जी से शादी की. इस शादी से उनकी बेटी अर्याना है. हालांकि, बाद में दोनों अलग हो गए. इसके बाद महिमा ने अपनी बेटी की परवरिश अकेले की.
52 की उम्र में फिर बनीं लीड एक्ट्रेस
महिमा ने उम्र को अपने करियर की राह में बाधा नहीं बनने दिया. 'द सिग्नेचर' और 'इमरजेंसी' जैसी फिल्मों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं. साल 2025 में आई कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी' में उन्होंने संजय मिश्रा के अपोजिट लीड रोल निभाया. इस तरह 52 साल की उम्र में भी उन्होंने बतौर लीड अभिनेत्री अपनी पहचान मजबूत की.
कैंसर से भी लड़ीं
महिमा की जिंदगी में एक और बडा संघर्ष साल 2022 में आया, जब उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला. उन्होंने इलाज कराया और इस बीमारी से मजबूती से बाहर निकलीं. उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में खुलकर बात की और लोगों को जागरूक करने की कोशिश भी की.