Ashutosh Rana Birthday: साढ़े 3 साल की उम्र में खुद चुना अपना नाम, आज आशुतोष राणा के जन्मदिन पर जानें उनकी अनसुनी कहानी
आशुतोष राणा का जन्मदिन 10 नवंबर को होता है. उनके नाम से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा है. बचपन में करीब साढ़े तीन साल की उम्र तक उनका कोई औपचारिक नाम नहीं रखा गया था.
हिंदी सिनेमा के दमदार अभिनेताओं में शामिल आशुतोष राणा अपनी शानदार अदाकारी, भारी आवाज और खौफनाक खलनायकी के लिए मशहूर हैं. फिल्म 'दुश्मन' में साइको किलर और 'संघर्ष' में लज्जा शंकर पांडे का किरदार निभाकर उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस नाम से आज पूरी दुनिया उन्हें जानती है, उसे उन्होंने खुद महज साढ़े तीन साल की उम्र में चुना था. भगवान शिव के एक मंत्र से प्रभावित होकर उन्होंने अपना नाम आशुतोष रख लिया था.
10 नवंबर को जन्मे आशुतोष राणा की जिंदगी से जुड़ा यह किस्सा बेहद दिलचस्प है. एक्टर ने खुद एक बातचीत के दौरान अपने नाम के पीछे की कहानी साझा की थी. उन्होंने बताया था कि बचपन में परिवार के लोग उन्हें 'राणा जी' कहकर बुलाते थे. करीब साढ़े तीन साल की उम्र तक उनका कोई औपचारिक नाम नहीं रखा गया था.
कैसे रका अपना नाम?
इसी दौरान उनके घर में भगवान शिव की पूजा का आयोजन हुआ. पूजा के समय पंडित जी मंत्रों का उच्चारण कर रहे थे. तभी उनके मुंह से 'ॐ आशुतोषाय नमः' मंत्र निकला. इस मंत्र में मौजूद आशुतोष शब्द ने छोटे से बच्चे का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. उन्होंने तुरंत पंडित जी से इसका अर्थ पूछा. पंडित जी ने बताया कि आशुतोष भगवान शिव का एक नाम है, जिसका अर्थ है बहुत जल्दी प्रसन्न होने वाले.
Also Read
- रामायण से महाभारत तक, अब बड़े पर्दे पर लौटेगी भारतीय संस्कृति! इन फिल्मों पर टिकी दर्शकों की नजरें
- Diwali Box Office Record: दिवाली पर 'रामायण' का बॉक्स ऑफिस धमाका, 500 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म
- 'एक ही रिमोट से खेलो'... स्काउट को रोस्ट करना गौरव गुप्ता को पड़ा भारी! इंस्टाग्राम किया प्राइवेट; भड़के फैंस
यह अर्थ सुनकर उन्हें यह नाम इतना पसंद आया कि उन्होंने अपनी मां से कह दिया कि आज से उनका नाम आशुतोष होगा. इस तरह महज साढ़े तीन साल की उम्र में उन्होंने खुद अपनी पहचान चुन ली. एक्टर ने बताया था कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें इतनी छोटी उम्र में अपना नाम रखने का अवसर मिला.
बचपन से ही था अभिनय का शौक
आशुतोष राणा का जन्म 10 नवंबर 1967 को मध्य प्रदेश के गाडरवारा में हुआ था. उन्हें बचपन से ही अभिनय और मंच से खास लगाव था. महज चार साल की उम्र में उन्होंने पहली बार मंच पर प्रस्तुति दी थी. वह स्थानीय रामलीला में हिस्सा लेते थे और रावण का किरदार निभाना उन्हें काफी पसंद था. बचपन का यही शौक आगे चलकर उनके करियर की दिशा बन गया.
अभिनय के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से प्रशिक्षण लिया. इसके बाद वह मुंबई पहुंचे, जहां उन्हें महेश भट्ट के टीवी शो 'स्वाभिमान' में काम करने का मौका मिला. टेलीविजन से शुरुआत करने के बाद उन्होंने धीरे-धीरे मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान मजबूत की.
'दुश्मन' और 'संघर्ष' से मिली खास पहचान
साल 1998 में आई फिल्म 'दुश्मन' ने आशुतोष राणा को हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान दिलाई. इस फिल्म में उन्होंने एक खतरनाक साइको किलर का किरदार निभाया था. उनके अभिनय ने दर्शकों को डराने के साथ-साथ प्रभावित भी किया. इसके बाद फिल्म 'संघर्ष' में लज्जा शंकर पांडे के रूप में उनकी अदाकारी ने खूब सुर्खियां बटोरीं. इन दोनों फिल्मों ने उन्हें हिंदी सिनेमा के यादगार खलनायकों की कतार में खड़ा कर दिया.
हालांकि, आशुतोष ने खुद को सिर्फ नकारात्मक किरदारों तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने 'गुलाम', 'जानवर', 'राज', 'अब के बरस', 'हासिल', 'कलयुग', 'आवारापन', 'सोनचिड़िया' और 'सिम्बा' जैसी फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं. वहीं, 'पठान' और 'वॉर 2' जैसी फिल्मों में भी वह नजर आए. आज आशुतोष राणा अपनी दमदार आवाज, शानदार संवाद अदायगी और अभिनय की विविधता के लिए पहचाने जाते हैं. उनकी जिंदगी का यह किस्सा बताता है कि कभी-कभी एक छोटी सी उम्र में लिया गया फैसला भी जीवनभर की पहचान बन जाता है.