IPL 2026

5 साल बड़ी सोहा अली खान पर आया था एक्टर का दिल, 7 साल लिव इन में रहने के बाद की थी सैफ की बहन से शादी

बॉलीवुड एक्टर कुणाल खेमू और सोहा अली खान की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. 7 साल तक लिव इन रिलेशन में रहने के बाद दोनों ने साल 2015 में शादी की थी. जानिए कैसे शुरू हुई थी दोनों की खूबसूरत लव स्टोरी.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड के टैलेंटेड एक्टर और राइटर कुणाल खेमू आज 25 मई को अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कम उम्र में कर दी थी और चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर घर घर में अपनी पहचान बनाई. अभिनय के साथ साथ उनकी पर्सनल लाइफ भी हमेशा चर्चा में रही है. खासकर सोहा अली खान के साथ उनकी लव स्टोरी लोगों को बेहद पसंद आती है. दोनों की लव स्टोरी किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं मानी जाती. दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता धीरे धीरे प्यार में बदला और फिर दोनों ने शादी कर अपनी जिंदगी का नया सफर शुरू किया.

फिल्म के सेट पर हुई पहली मुलाकात

कुणाल और सोहा की पहली मुलाकात साल 2009 में फिल्म ढूंढते रह जाओगे के सेट पर हुई थी. हालांकि उस समय दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई थी. इसके बाद दोनों ने फिल्म 99 में साथ काम किया. इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. साथ समय बिताते बिताते दोनों अच्छे दोस्त बन गए. धीरे धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया.

7 साल तक लिव इन रिलेशन में रहे एक्टर्स

सोहा और कुणाल ने अपने रिश्ते को समझने के लिए जल्दबाजी नहीं की. दोनों करीब 7 साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहे. इस दौरान उन्होंने एक दूसरे को बहुत करीब से जाना और समझा. एक इंटरव्यू में सोहा अली खान ने कहा था कि उन्होंने कुणाल को शादी के बाद नहीं बल्कि शादी से पहले अच्छी तरह समझा. उनके मुताबिक लिव इन रिलेशनशिप ने दोनों को एक मजबूत रिश्ता बनाने में मदद की. सोहा ने यह भी कहा था कि शादी के बाद उनकी जिंदगी में ज्यादा बदलाव नहीं आया क्योंकि दोनों पहले से ही साथ रह रहे थे. उनके लिए शादी केवल समाज के सामने रिश्ते को आधिकारिक रूप देने जैसा था.

साल 2014 में कुणाल खेमू ने पेरिस ट्रिप के दौरान सोहा को बेहद रोमांटिक अंदाज में शादी के लिए प्रपोज किया. बताया जाता है कि उस खास पल को सोहा कभी भूल नहीं सकतीं. कुणाल के प्रपोज करते ही सोहा ने तुरंत हां कह दी थी. इसके बाद दोनों ने 25 जनवरी 2015 को मुंबई में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी कर ली. उनकी शादी काफी निजी और सिंपल रखी गई थी लेकिन इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं.

बेटी इनाया के आने से पूरी हुई फैमिली

शादी के करीब 2 साल बाद 29 सितंबर 2017 को दोनों ने अपनी बेटी का स्वागत किया. कपल ने अपनी बेटी का नाम इनाया नौमी खेमू रखा. सोशल मीडिया पर अक्सर कुणाल और सोहा अपनी बेटी के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहते हैं. फैंस को उनकी फैमिली बॉन्डिंग काफी पसंद आती है. आज कुणाल खेमू और सोहा अली खान को बॉलीवुड की सबसे प्यारी और समझदार जोड़ियों में गिना जाता है. दोनों हमेशा अपने रिश्ते को लेकर ईमानदार नजर आते हैं और एक दूसरे को खुलकर सपोर्ट करते हैं.