बिकिनी में राखी विवाद के बाद हटा कृति सेनन का ऐड, मेकर्स ने मांगी माफी; जानें पूरा मामला

कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने विज्ञापन हटा दिया है. कंगना रनौत ने भी कृति के कपड़ों पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद कृति ने महिलाओं के पहनावे को लेकर समाज की सोच पर सवाल उठाते हुए जवाब दिया.

Social Media
Babli Rautela

रक्षाबंधन के मौके पर जारी किया गया कृति सेनन का एक विज्ञापन इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. विज्ञापन में कृति अपने भाई और पालतू कुत्ते के साथ रक्षाबंधन मनाती नजर आई थीं. हालांकि, उनके कपड़ों को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते मामला सोशल मीडिया पर बहस में बदल गया. विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने अब इस विज्ञापन को अपने सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है. ब्रांड ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था.

GIVA के विज्ञापन में कृति सेनन ने केप और ड्रेप्ड स्कर्ट के साथ ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज पहना था. विज्ञापन सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने उनके पहनावे को लेकर सवाल उठाए. कुछ लोगों ने उनके कपड़ों की तुलना बिकिनी और ब्रा से की. वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल किया कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार पर इस तरह की ड्रेस क्यों दिखाई गई. इसी दौरान एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी इस विवाद पर अपनी राय रखी. उन्होंने कृति के विज्ञापन में पहने कपड़ों पर सवाल उठाते हुए इसे लेकर आलोचनात्मक टिप्पणी की.

कृति सेनन ने दिया करारा जवाब

कंगना की टिप्पणी के बाद कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि किसी त्योहार का असली अर्थ सिर्फ कपड़ों से तय नहीं होता. उनके अनुसार त्योहारों की असली भावना परंपराओं के प्रति सम्मान और उनसे जुड़े भाव में होती है. कृति ने महिलाओं के कपड़ों को लेकर समाज की सोच पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि समय के साथ एथनिक फैशन बदल चुका है, लेकिन आज भी महिलाओं के संस्कृति के प्रति सम्मान को उनके पहनावे से जोड़ दिया जाता है. उन्होंने साफ कहा कि संस्कृति और परंपरा किसी महिला के दिल में होती है, उसके कपड़ों में नहीं.


विवाद बढ़ने के बाद कृति की बहन नूपुर सेनन भी उनके समर्थन में सामने आईं. उन्होंने कृति की पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि किसी दूसरी महिला के कपड़े किसी को इतनी परेशानी कैसे दे सकते हैं. नूपुर ने अपनी बात रखते हुए कंगना से अपनी सोच बदलने की अपील की. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने खुद कृति से राखी बंधवाई थी और अगर उन्हें इसमें कोई परेशानी नहीं है तो किसी और को इससे आपत्ति क्यों होनी चाहिए.