अब किसकी पोल खोलेंगे करण जौहर? कॉफी विद करण के नए सीजन में होगी स्टार वॉर से लेकर लवर्स की बातें
करण जौहर का रियैलिटी शो कॉफी विद करण हमेशा से खबरों में बना रहता है. अब शो के नए सीजन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक शो नए अंदाज में वापसी कर सकता है.
मुंबई: बॉलीवुड का सबसे चर्चित चैट शो कॉफी विद करण एक बार फिर सुर्खियों में है. फैंस लंबे समय से इसके 9वें सीजन का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक शो की वापसी को लेकर बातचीत शुरू हो चुकी है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका नया सीजन जियो हॉटस्टार ने शो के लिए शुरुआती स्तर पर चर्चा शुरू कर दी है. अगर सब कुछ प्लान के अनुसार रहा, तो कॉफी विद करण का 9वां सीजन इस साल के अंत तक स्ट्रीम हो सकता है. हालांकि अभी यह सिर्फ शुरुआती बातचीत है और किसी तरह की पक्की डील सामने नहीं आई है.
बदल सकता है शो का अंदाज
सूत्रों के मुताबिक इस बार शो का फॉर्मेट पहले से अलग हो सकता है. Karan Johar दर्शकों के बदलते टेस्ट को समझते हैं और उसी के हिसाब से शो में बदलाव करने की योजना बना रहे हैं. सेगमेंट्स को छोटा और ज्यादा एंगेजिंग बनाया जा सकता है. इसके साथ ही कंटेंट को ज्यादा मॉडर्न और तेज रखा जाएगा और गॉसिप के साथ साथ नई तरह की बातचीत भी देखने को मिल सकती है. इस बदलाव का मकसद नए दर्शकों को जोड़ना है.
इस बार दिख सकते हैं अलग तरह के गेस्ट
हर सीजन में KWK की सबसे बड़ी खासियत उसके मेहमान होते हैं. इस बार गेस्ट लिस्ट में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार सिर्फ बॉलीवुड स्टार्स ही नहीं, बल्कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सितारे, OTT प्लेटफॉर्म के पॉपुलर एक्टर्स के साथ साथ डिजिटल क्रिएटर्स भी शो का हिस्सा बन सकते हैं. इससे शो और ज्यादा विविध और दिलचस्प हो सकता है.
कॉफी विद करण की शुरुआत साल 2004 में हुई थी. पिछले 22 सालों में इसके 8 सीजन आ चुके हैं. इस शो में कई बड़े सितारे नजर आ चुके हैं, जिनमें करीना कपूर खान और शाहिद कपूर सबसे ज्यादा बार दिखाई दिए हैं. इसके अलावा शाहरुख खान, आलिया भट्ट, रणवीर सिंह, प्रियंका चोपड़ा, काजोल और वरुण धवन जैसे सितारे भी कई बार शो का हिस्सा बन चुके हैं.