menu-icon
India Daily

पीएम मोदी के लिए मंदिरों में पूजा करने पहुंचीं कंगना रनौत, गुजराती पटोला साड़ी में दिखा खास अंदाज

कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार सबसे लंबे समय तक देश की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी. उन्होंने मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश के निरंतर विकास के लिए भगवान से प्रार्थना भी की.

antima
Edited By: Antima Pal
पीएम मोदी के लिए मंदिरों में पूजा करने पहुंचीं कंगना रनौत, गुजराती पटोला साड़ी में दिखा खास अंदाज
Courtesy: X

अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार चर्चा उनकी फिल्म नहीं, बल्कि उनकी आध्यात्मिक यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए की गई विशेष प्रार्थना को लेकर हो रही है. कंगना हाल ही में राजस्थान के जोधपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रसिद्ध श्री चामुंडा माता मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना की.

पीएम मोदी के लिए मंदिरों में पूजा करने पहुंचीं कंगना रनौत

इस दौरान कंगना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार सबसे लंबे समय तक देश की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी. उन्होंने मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश के निरंतर विकास के लिए भगवान से प्रार्थना भी की. कंगना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और देश लगातार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.

कंगना की यह यात्रा ऐसे समय में हुई जब वह अपनी आगामी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के प्रमोशन में व्यस्त हैं. उनकी यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. जोधपुर में फिल्म से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान उन्हें लोगों का भरपूर प्यार और समर्थन मिला, जिसके लिए उन्होंने शहरवासियों का आभार भी व्यक्त किया.

उन्होंने फिल्म से जुड़े कलाकारों और टीम की भी सराहना की. कंगना ने अभिनेता जॉन अब्राहम का विशेष रूप से धन्यवाद किया और कहा कि यह फिल्म समाज के उन स्वास्थ्यकर्मियों की कहानी सामने लाने का प्रयास करती है, जो अक्सर पर्दे के पीछे रहकर लोगों की सेवा करते हैं.

हालांकि मंदिर दर्शन के दौरान कंगना का पारंपरिक लुक भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा. उन्होंने लाल रंग की खूबसूरत गुजराती पटन पटोला साड़ी पहनी थी, जो गुजरात की सबसे प्रसिद्ध हस्तकरघा परंपराओं में से एक मानी जाती है. कंगना ने इस साड़ी को पारंपरिक गुजराती 'सीधा पल्लू' शैली में कैरी किया, जिससे उसका शानदार डिजाइन और बारीक कारीगरी साफ नजर आ रही थी.

सोशल मीडिया पर भी कंगना का यह अंदाज तेजी से वायरल हो रहा है. फैंस उनके भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम और पारंपरिक पहनावे की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक ओर उनकी फिल्म रिलीज को लेकर उत्साह है, तो दूसरी ओर उनका यह आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप भी लोगों का ध्यान खींच रहा है.