कंगना रनौत की फिल्म को हरियाणा सरकार से मिला बड़ा तोहफा, राज्य में की टैक्स फ्री; जानें क्या बोले CM सैनी

कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता को हरियाणा सरकार ने टैक्स फ्री घोषित कर दिया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फिल्म को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए. फिल्म 26 नवंबर मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है.

Social Media
Babli Rautela

एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता को हरियाणा सरकार ने टैक्स फ्री घोषित कर दिया है. यह घोषणा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आयोजित एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान की. मुख्यमंत्री ने फिल्म देखने के बाद कहा कि यह केवल एक मनोरंजक फिल्म नहीं है, बल्कि समाज को प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण संदेश भी देती है. उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्मों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचना चाहिए क्योंकि ये लोगों को अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का एहसास कराती हैं.

मुख्यमंत्री ने की फिल्म की तारीफ

फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह एक प्रेरणादायक फिल्म है और हर व्यक्ति को इसे देखना चाहिए. उनके अनुसार फिल्म साहस, मानवता, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को मजबूती से प्रस्तुत करती है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से राज्य सरकार ने इसे हरियाणा में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है, जिससे अधिक लोग इस फिल्म को देख सकें.


दिल्ली की मुख्यमंत्री ने भी सराहा

इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी फिल्म की प्रशंसा की थी. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कंगना रनौत के अभिनय को प्रभावशाली बताया. रेखा गुप्ता ने कहा कि फिल्म समाज में सेवा, संवेदनशीलता और कर्तव्य जैसे मूल्यों को मजबूत करने का काम करती है. उन्होंने पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दीं.

फिल्म की कहानी 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है. कहानी में उन नर्सों की बहादुरी और समर्पण को दिखाया गया है जिन्होंने संकट की घड़ी में कामा अस्पताल के अंदर मौजूद 400 से अधिक मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. फिल्म का निर्देशन और लेखन मनोज तापड़िया ने किया है. कहानी में मानवता, साहस और कर्तव्य भावना को प्रमुखता से दिखाया गया है.

दमदार कलाकारों से सजी है फिल्म

फिल्म में कंगना रनौत के अलावा कई प्रतिभाशाली कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. इनमें गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थत्ते, रसिका अघासे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान शामिल हैं. फिल्म के कलाकारों की परफॉर्मेंस को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है.