अभिनेत्री और BJP सांसद कंगना रनौत ने Gen Z पर अपनी विवादित टिप्पणी को लेकर बाबा रामदेव की प्रतिक्रिया का जवाब दिया है. सोशल मीडिया पर कंगना ने रामदेव पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें उनकी जवानी या निजी जिंदगी को लेकर कल्पनाएं नहीं करनी चाहिए. उन्होंने साथ ही रामदेव को अपने चरित्र पर टिप्पणी करने से बचने की नसीहत दी.
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में बाबा रामदेव को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी जवानी या बेडरूम के बारे में कल्पना करना उचित नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी बातें अफवाहों और चर्चाओं पर आधारित होती हैं. कंगना ने अपने जवाब में दावा किया कि उनके खिलाफ कभी सुप्रीम कोर्ट ने झूठे या फर्जी प्रभाव संबंधी दावों को लेकर फटकार नहीं लगाई.
दरअसल, कंगना ने हाल में युवाओं के एक वर्ग और कुछ महिलाओं की जीवनशैली को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. उन्होंने ऐसे लोगों के लिए ‘generation gutter’ शब्द का इस्तेमाल किया था. इसके बाद बाबा रामदेव से जब कंगना की टिप्पणी पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे कथित तौर पर ‘खराब मानसिकता’ का संकेत बताया और BJP से इस पर ध्यान देने की बात कही.
रिपोर्टों के मुताबिक, रामदेव ने कंगना की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके बचपन, युवावस्था और उपलब्धियों को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि वह ऐसे लोगों के बारे में चर्चा नहीं करना चाहते. रामदेव के अनुसार, युवाओं की पूरी पीढ़ी को ‘जनरेशन गटर’ कहना सोच में विकृति को दर्शाता है.
कंगना ने अपने जवाब में 2024 के पतंजलि भ्रामक विज्ञापन मामले का भी उल्लेख किया. उस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बाबा रामदेव और पतंजलि के प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण को अदालत के आदेशों का पालन नहीं करने पर जवाब देने के लिए बुलाया था. मामला ऐसे विज्ञापनों से जुड़ा था, जिनमें बीमारियों को ठीक करने के दावे किए गए थे.
मामले के दौरान बाबा रामदेव ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष बिना शर्त माफी मांगी थी. कंगना ने इसी प्रकरण का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें चरित्र पर सीख देने की जरूरत नहीं है. बाद में कंगना ने अपनी पिछली टिप्पणी को स्पष्ट करते हुए कहा था कि उनका निशाना पूरी युवा पीढ़ी नहीं, बल्कि कुछ विशेष लोगों और महिलाओं पर था.