क्या राजनीति में आ रहे हैं जूनियर एनटीआर? टीम ने बयान जारी कर कंफर्म की अफवाहें
जूनियर एनटीआर ने राजनीति में आने की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया है. उनकी टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि अभिनेता का आरएडब्ल्यू एनटीआर नाम के संगठन से कोई संबंध नहीं है और उनके नाम पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न किया जाए.
तेलुगु सुपरस्टार जूनियर एनटीआर ने राजनीति में एंट्री को लेकर चल रही चर्चाओं पर आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है. उनके नाम को आरएडब्ल्यू एनटीआर नाम के एक संगठन से जोड़कर सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. अब अभिनेता की आधिकारिक टीम ने बयान जारी कर साफ कर दिया है कि जूनियर एनटीआर का इस संगठन या उसकी किसी भी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है. मंगलवार को जूनियर एनटीआर के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आरएडब्ल्यू एनटीआर नाम का संगठन ऐसी गतिविधियां कर रहा है जिनसे लोगों को यह भ्रम हो सकता है कि उसका अभिनेता से संबंध है.
टीम ने स्पष्ट किया कि जूनियर एनटीआर और उनका कार्यालय इस संगठन से किसी भी रूप में जुड़े नहीं हैं. साथ ही कहा गया कि यह संगठन अभिनेता का प्रतिनिधित्व करने या उनकी ओर से कोई आधिकारिक घोषणा करने के लिए अधिकृत नहीं है.
अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील
बयान में यह भी कहा गया कि जूनियर एनटीआर से जुड़े किसी भी सामाजिक कार्य, जनकल्याण अभियान या आधिकारिक जानकारी की घोषणा केवल अभिनेता या उनकी अधिकृत टीम की ओर से ही की जाएगी. टीम ने मीडिया, सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं और प्रशंसकों से अपील की कि वे बिना पुष्टि वाली खबरों और अफवाहों पर भरोसा न करें.
Also Read
जूनियर एनटीआर की टीम ने अपने बयान में कहा कि इस विषय पर यह उनकी आखिरी आधिकारिक जानकारी होगी. उन्हें उम्मीद है कि इस स्पष्टीकरण के बाद राजनीति में शामिल होने से जुड़ी सभी अटकलों पर विराम लग जाएगा.
क्या है ऊरु वाडा कार्यक्रम
यह विवाद तब शुरू हुआ जब आरएडब्ल्यू एनटीआर नाम के संगठन ने 18 जुलाई को ताज तिरुपति में ऊरु वाडा नाम से एक कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की. संगठन ने बताया कि इस कार्यक्रम में वह अपने उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देगा.
हालांकि कार्यक्रम की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि इसी मंच से जूनियर एनटीआर राजनीति में आने का ऐलान कर सकते हैं. बाद में संगठन ने भी इन दावों को अफवाह बताते हुए उनका खंडन किया.
क्यों तेज हुईं राजनीतिक चर्चाएं
जूनियर एनटीआर आंध्र प्रदेश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवारों में से एक से आते हैं. वह तेलुगु देशम पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री नंदमुरी तारक रामाराव के पोते हैं. उनके पिता नंदमुरी हरिकृष्ण और चाचा नंदमुरी बालकृष्ण भी राजनीति से जुड़े रहे हैं, जबकि उनके चाचा एन चंद्रबाबू नायडू वर्तमान में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं.
इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि की वजह से समय समय पर उनके राजनीति में आने की अटकलें लगती रही हैं. हालांकि जूनियर एनटीआर ने कभी भी सक्रिय राजनीति में आने या चुनाव लड़ने की घोषणा नहीं की है.