बॉलीवुड के सबसे महंगे गीतकार बने जावेद अख्तर, 'Dunki' के इस गाने के लिए वसूली इतनी फीस
डंकी फिल्म का गाना 'निकले थे कभी हम घर से' मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखा है. इस हिट गाने को लिखने के लिए जावेद अख्तर ने जो मोटी फीस वसूली थी उसे जानकर आपके होश उड़ जाएंगे.
Bollywood News: शाहरुख खान की फिल्म डंकी बॉक्स ऑफिस पर धमाल-कमाल कर रही है. फिल्म की कहानी और उसके गाने लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं. खास तौर से फिल्म का गाना 'निकले थे कभी हम घर से' लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है. इस गाने को मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखा है. इस हिट गाने को लिखने के लिए जावेद अख्तर ने जो मोटी फीस वसूली थी उसे जानकर आपके होश उड़ जाएंगे.
25 लाख में लिखा डंकी का ये गाना
ट्रेड एनालिस्ट और फ्लिम क्रिटिक कोमल नाहटा ने अपनी मैगजीन फिल्म इंफॉर्मेशन में खुलासा किया कि शाहरुख खान की फिल्म डंकी का गाना 'निकले थे कभी हम घर से' लिखने के लिए जावेद अख्तर ने 25 लाख रुपए लिए थे. उन्होंने बताया कि यह एक गाना लिखने के लिए आज तक किसी भी गीतकार द्वारा ली जाने वाली रिकॉर्ड फीस होगी. हाल ही में एक स्टेज शो के दौरान जावेद अख्तर ने इस बात की पुष्टि भी की थी.
जावेद अख्तर को कैसे मिला यह गाना लिखने का ऑफर
शो के दौरान जावेद अख्तर ने बताया कि वह आम तौर पर फिल्म में केवल एक गाना नहीं लिखते, लेकिन राजू हिरानी ने उन्हें जोर देकर कहा कि वह केवल एक ट्रैक के लिए गीत लिखें. उन्होंने कहा कि 'ये गाना आपके अलावा कोई नहीं लिख सकता. मैंने फिर उनके सामने एक शर्त रखी. मुझे लगा कि वो शायद मेरी शर्त से हतोत्साहित हो जाएंगे, लेकिन उन्होंने मेरी शर्तों को बिना हिचकिचाहट के स्वीकार कर लिया.'
गीतकार अख्तर ने कहा, 'ये मेरा कमाल नहीं है, ये हिरानी का कमाल है, जिन्होंने इससे पहले 5 सुपरहिट फिल्में दीं. उन्हें समझ थी कि ये गाना मुझे उस आदमी से मिलेगा. अहंकार उन पर हावी नहीं हो रहा था. अपनी फिल्म के प्रति उनका प्यार उन पर हावी हो रहा था. उन्हें सलाम.' हालांकि जावेद अख्तर ने ये नहीं बताया कि उन्होंने राजू हिरानी के सामने क्या शर्त रखी थी.