Jailer 2 की रिलीज डेट पर अपडेट, रजनीकांत की फिल्म नहीं होगी पोस्टपोन; इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक

रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म Jailer 2 की रिलीज डेट को लेकर चल रही अटकलों पर मेकर्स ने विराम लगा दिया है. Sun Pictures ने पुष्टि की है कि नेल्सन दिलीपकुमार की यह फिल्म 15 अक्टूबर को ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Social Media
Babli Rautela

रजनीकांत के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म Jailer 2 की रिलीज को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है. पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें वायरल हो रही थीं कि फिल्म की शूटिंग में देरी और कुछ हिस्सों के रीशूट के चलते इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाई जा सकती है. हालांकि, मेकर्स ने इन खबरों को खारिज करते हुए फिल्म की रिलीज डेट पर आधिकारिक मुहर लगा दी है.

15 अक्टूबर को रिलीज होगी Jailer 2

फिल्म के प्रोडक्शन हाउस Sun Pictures ने बुधवार को अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर साफ कर दिया कि Jailer 2 तय समय पर ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी. मेकर्स के मुताबिक फिल्म 15 अक्टूबर को रिलीज होगी. पोस्ट के साथ शेयर की गई तस्वीर में भी रिलीज डेट को प्रमुखता से दिखाया गया है. मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, 15 अक्टूबर - अलाप्पारा केलाप्पुरम. इस आधिकारिक घोषणा के बाद फिल्म के पोस्टपोन होने की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है.


फिल्म की रिलीज अक्टूबर में दशहरा के आसपास हो रही है. ऐसे में माना जा रहा है कि Jailer 2 को त्योहार की छुट्टियों का फायदा मिल सकता है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग दर्ज कर सकती है.

जुलाई में हुई थी रिलीज डेट की घोषणा

Jailer 2 की रिलीज डेट का पहली बार आधिकारिक ऐलान जुलाई में किया गया था. इसके साथ फिल्म का एक एक्शन से भरपूर टीजर भी दर्शकों के सामने आया था. टीजर में कहानी से जुड़े ज्यादातर अहम पहलुओं को पर्दे के पीछे रखा गया, लेकिन फिल्म के बड़े स्टार कास्ट और भव्य एक्शन की झलक जरूर देखने को मिली. टीजर में रजनीकांत के लोकप्रिय किरदार टाइगर मुथुवेल पांडियन की वापसी दिखाई गई. हालांकि, मेकर्स ने उनके लुक को पूरी तरह से रिवील नहीं किया. टीजर से यह संकेत जरूर मिला कि इस बार मुथुवेल पांडियन के सामने पहले से कहीं बड़ी चुनौती होने वाली है.

Jailer 2 का पहला गाना भी हो चुका है रिलीज

फिल्म का पहला गाना अला बोलेलो अगस्त में रिलीज किया गया था. इस गाने को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है. यह एक एनर्जेटिक डांस नंबर है, जिसमें शमना कासिम पारंपरिक कसावु साड़ी में नजर आईं. गाने में रजनीकांत की भी झलक देखने को मिली. अनिरुद्ध की म्यूजिक और रजनीकांत की स्क्रीन प्रेजेंस ने गाने को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह पैदा किया है.