मुंबई: वीर दास की पहली फिल्म 'हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस' अब सिनेमाघरों के बाद घर बैठे देखने के लिए तैयार हो जाइए. आमिर खान द्वारा प्रोड्यूस की गई इस मजेदार स्पाई कॉमेडी को नेटफ्लिक्स पर 1 अप्रैल 2026 को रिलीज किया जाएगा. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म अप्रैल फूल्स डे पर स्ट्रीमिंग शुरू होगी, जो फिल्म की फनी थीम से काफी मैच करती है.
फिल्म 16 जनवरी 2026 को थिएट्रिकल रिलीज हुई थी. वीर दास न सिर्फ फिल्म के लीड एक्टर हैं बल्कि उन्होंने केवी शास्त्री के साथ मिलकर डायरेक्ट भी किया है. वीर दास ने अमोघ रणदिवे के साथ स्क्रिप्ट भी लिखी है. फिल्म में वीर दास 'हैप्पी पटेल' का रोल निभा रहे हैं, जो ब्रिटिश पैरेंट्स द्वारा पाले गए एक इंडियन लड़के की कहानी है. वह MI7 जासूस एजेंसी में शामिल होना चाहता है, लेकिन गोवा में एक मिशन के दौरान उसे अपनी भारतीय जड़ों का पता चलता है.
फिल्म में मोना सिंह 'मामा' के रोल में हैं, जबकि मिथिला पलकर, शरीब हाशमी और सृष्टि तवड़े भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी. खास बात यह है कि इसमें कई मजेदार कैमियो हैं. प्रोड्यूसर आमिर खान खुद कैमियो में दिखेंगे. इसके अलावा आमिर के भतीजे इमरान खान भी एक दशक से ज्यादा समय बाद बॉलीवुड में कैमियो के जरिए वापसी कर रहे हैं.
फिल्म में शेफ संजीव कपूर, मेयांग चांग, अश किंग और कॉमेडियन सुमुखी सुरेश जैसे स्टार्स भी स्पेशल अपीयरेंस में हैं. नेटफ्लिक्स इंडिया ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- 'इंडिया बिगिनर्स के लिए नहीं है... लेकिन हैप्पी पटेल के लिए है!' फिल्म की कहानी में एक्शन, कॉमेडी और फैमिली राइवलरी का मजेदार मिश्रण है, जो दर्शकों को खूब हंसाने वाला है. थिएट्रिकल रिलीज के दौरान फिल्म को औसत रिस्पॉन्स मिला.
बॉक्स ऑफिस पर इसने लगभग 5.5 से 6.8 करोड़ रुपये के आसपास कलेक्शन किया. अब ओटीटी पर रिलीज होने के बाद फैंस को उम्मीद है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे घर पर एन्जॉय करेंगे. वीर दास की कॉमिक टाइमिंग और फिल्म का हल्का-फुल्का मूड इसे फैमिली एंटरटेनमेंट का अच्छा ऑप्शन बनाता है. अगर आप स्पाई स्टोरी के साथ भरपूर हंसी-मजाक देखना चाहते हैं तो 1 अप्रैल 2026 को नेटफ्लिक्स पर 'हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस' जरूर देखें.