तापसी पन्नू की 'अस्सी' के आगे नहीं गली सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की दाल, दूसरे दिन धीमी पड़ी 'दो दीवाने सहर' में की रफ्तार
सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की फिल्म दो दीवाने सहर में ने दूसरे दिन 1.60 करोड़ नेट कमाए हैं. फिल्म का कुल कलेक्शन 2.85 करोड़ पहुंचा है. 40 करोड़ के बजट के सामने फिल्म को वीकेंड में मजबूत कमाई की जरूरत.
मुंबई: सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर पहली बार फिल्म दो दीवाने सहर में में साथ नजर आए हैं. इस फिल्म को मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन हाउस भंसाली प्रोडक्शंस ने बनाया है. रिलीज से पहले फिल्म को लेकर औसत चर्चा थी और समीक्षकों से भी इसे मिला जुला रिस्पॉन्स मिला. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. पहले दिन फिल्म ने करीब 1.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. हालांकि दूसरे दिन इसमें हल्की बढ़त देखने को मिली है, जिससे मेकर्स को थोड़ी राहत मिली है.
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने दूसरे दिन भारत में 1.60 करोड़ रुपये नेट और 1.92 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए. दो दिनों में इसका कुल नेट कलेक्शन 2.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. देशभर में करीब 3302 शो के साथ फिल्म को स्क्रीन स्पेस मिला है, लेकिन ऑक्यूपेंसी औसत रही. फिल्म का क्लैश तापसी पन्नू की कोर्टरूम ड्रामा अस्सी से हुआ है, जिसका असर भी कमाई पर देखा जा रहा है. अब सभी की नजर शनिवार और रविवार के आंकड़ों पर है.
दूसरे दिन दो दिवाने सहर में का कलेक्शन
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का बजट लगभग 40 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. हालांकि मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर प्रोडक्शन कॉस्ट साझा नहीं की है. अगर यह आंकड़ा सही है तो फिल्म को लागत निकालने के लिए लंबा सफर तय करना होगा. बॉलीवुड की रोमांटिक फिल्मों को अक्सर वर्ड ऑफ माउथ से फायदा मिलता है. अगर दर्शकों को कहानी और कलाकारों की केमिस्ट्री पसंद आती है तो वीकेंड पर अच्छी ग्रोथ संभव है. आने वाले दिन फिल्म की दिशा तय करेंगे.
स्टारकास्ट ने बढ़ाई फिल्म की चमक
फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर के अलावा कई अनुभवी कलाकार नजर आ रहे हैं. इला अरुण, जॉय सेनगुप्ता, आयशा रजा, विराज गहलानी, संदीपा धर, दीपराज राणा, मोना अंबेगावकर, अचिंत कौर, नवीन कौशिक और मास्टर इनेश कोटियन भी अहम भूमिकाओं में हैं. रोमांटिक ड्रामा होने के चलते फिल्म का फोकस रिश्तों और भावनाओं पर है. सिद्धांत और मृणाल की जोड़ी को पर्दे पर ताजगी भरी बताया जा रहा है. हालांकि कहानी को लेकर दर्शकों की राय बंटी हुई है.
फिल्म के प्रमोशनल पोस्टर के अनुसार यह रोमांटिक ड्रामा नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाला है. हालांकि प्लेटफॉर्म की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. थिएटर रन के बाद ओटीटी रिलीज फिल्म की पहुंच को और बढ़ा सकती है.