'....शरीर हम छुड़वाएंगे', दिलजीत को लॉरेंस गैंग की धमकी, मैनेजर के घर पर हुई फायरिंग की ली जिम्मेदारी

एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर पर हुई फायरिंग के बाद अब लॉरेन्स गैंग की तरफ से सिंगर को कथित धमकी मिली है, जिसके बाद ये मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है. हालांकि दिलजीत की टीम की तरफ से इस मामले में अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर पर हमले का मामला सामने आने के बाद अब लॉरेन्स गैंग ने सिंगर को कथित धमकी दी है. दिलजीत कके मैनेजर के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस जांच में ही जुटी थी, कि इसी बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है और दिलजीत को धमकी भी दी है.

सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई ने लिखा कि " राम राम सभी भाइयों को, आज जो दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप कांग के घर (गोंदर गांव, हरियाणा) पर ऑस्ट्रिया के बने ब्रस्ट चले हैं. ये मैंने टायसन बिश्नोई, मेरे भाई आरजू बिश्नोई और हरि बॉक्सर (लॉरेंस बिश्नोई गैंग) ने चलवाए हैं. हमने इस सिंगर दिलजीत और इसके मैनेजर सोनाली और गुरप्रताप को एक मैसेज दिया था. तुमसे ना हमने कोई फिरौती मांगी, ना किसी प्रकार का कोई फाइनेंशियल फायदा लिया, ना कभी किसी काम के लिए तंग किया. एक मैसेज दिया है कि ये जो तुम्हारा एंप्लॉई लड़कियों का शोषण करता है, तुम्हारे शोज के दौरान उनका फायदा लेकर उन्हें इस्तेमाल करता है. ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान इसने हमारे पंजाब की एक बेटी को झूठे सपने दिखाकर झांसे में लिया और प्रेग्नेंट करके ब्लॉक कर दिया.

दिलजीत के नाम पर अश्लील व्यवहार का आरोप

पोस्ट में आगे लिखा गया - "हमें इसी सेम टूर के दौरान और भी बहनों की शिकायत आई कि इसने दिलजीत के नाम पर उनके साथ भी अश्लील व्यवहार किया. हम दिलजीत, तुझे और तेरी टीम को एक मौका दे रहे हैं शायद तुम लोग इस बात से अनजान होंगे. इसलिए हमने काफी मैसेज किए दिलजीत और इसकी टीम को, उनसे कहा कि उस शख्स को अपनी टीम से दूर करो. लेकिन ये पैसे और फेम कमाने में इतने बिजी हो रहे हैं कि इन्हें सही और गलत नहीं दिख रहा. इंसानियत भूल चुके हैं ये शायद. तुम हमारे देश को ग्लोबल लेवल पर रिप्रेजेंट करते हो इसलिए इतनी नरमी से काम ले रहे हैं.''

आगे लिखा गया कि - "हमने 2 बार पहले प्यार से मैसेज भी किया, अब ये तीसरी वॉर्निंग है. इसके बाद तुम्हारा सबका नुकसान करेंगे. हमारा नेटवर्क पूरी दुनिया में है, तुम किसी भी देश में चले जाओ वहां मिल लेंगे. एक बार रिकॉर्ड चेक कर लेना, हमें मजबूर मत करो, सुधार जाओ. आत्मा तो तुमने छोड़ ही रखी है, शरीर हम छुड़वाएंगे. अबकी बार बात ना मानने की गलती करके देखो, उस शख्स का नाम भी एक्सपोज करेंगे. तुम सबके घरों में घुसकर तुम्हें बताएंगे एक बलात्कारी का साथ देने का अंजाम क्या होता है.''

दिलजीत की तरफ से नहीं आई कोई प्रतिक्रिया

लॉरेन्स गैंग की तरफ से मिली इसी कथित धमकी को लेकर अभी तक दिलजीत की तरफ से कोई प्रतिक्रया सामने नहीं आई है और न ही इस मामले को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज कराई गयी है. बता दें कि इससे पहले एक कंसर्ट में दिलजीत ने बड़ा बयान देते हुए कहा था कि मैंने आत्मा छोड़ रखी है और शरीर छोड़ना बाकी है. दिलजीत के इस बयान के बाद उनके प्रशंसक मायूस हो गए थे.