'धुरंधर' फ्रेंचाइजी ने 3000 करोड़ बटोरकर रचा इतिहास, बाहुबली और पुष्पा के रिकॉर्ड्स पर फेरा पानी, बना दिया तगड़ा रिकॉर्ड

धुरंधर फ्रैंचाइजी का यह सफर बॉलीवुड को नई दिशा दे रहा है. अब प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स ज्यादा से ज्यादा कंटेंट पर फोकस करेंगे, जो ग्लोबल ऑडियंस को आकर्षित कर सके. यह मील का पत्थर है, जो बताता है कि भारतीय सिनेमा अब सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक बड़ी इंडस्ट्री के रूप में उभर रहा है.

x
Antima Pal

मुंबई: बॉलीवुड में नई सनसनी मच गई है. रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म धुरंधर फ्रैंचाइजी ने विश्व स्तर पर 3000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. यह भारतीय सिनेमा की पहली ऐसी फ्रैंचाइजी बन गई है, जो इतनी बड़ी रकम जमा करने में कामयाब रही. पार्ट 2 यानी 'धुरंधर: द रिवेंज' अभी चौथे हफ्ते में भी दमदार प्रदर्शन कर रही है और पुरानी बड़ी फ्रैंचाइजियों को पीछे छोड़ दिया है.

धुरंधर फ्रैंचाइजी ने पुरानी बड़ी फ्रैंचाइजियों को चटाई धूल

सैकनिल्क जैसी ट्रेड वेबसाइट के मुताबिक 2025 में रिलीज हुई पहली फिल्म 'धुरंधर' ने worldwide 1307.35 करोड़ रुपये कमाए. वहीं 2026 में आई सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' ने 1712 करोड़ रुपये का कारोबार किया. दोनों फिल्मों का कुल कलेक्शन अब 3019.35 करोड़ रुपये पहुंच चुका है. 

बाहुबली फ्रैंचाइजी और पुष्पा सीरीज को दिखाया आईना

यह आंकड़ा बाहुबली और पुष्पा सीरीज से काफी आगे है. तुलना करें तो बाहुबली फ्रैंचाइजी (दोनों पार्ट्स) ने कुल 2438 करोड़ रुपये कमाए थे. पुष्पा सीरीज का कुल कलेक्शन 2092.20 करोड़ रुपये रहा. धुरंधर ने इन दोनों को आराम से पीछे छोड़ दिया. खास बात यह है कि यह उपलब्धि सिर्फ 26 दिनों में हासिल हुई, जो भारतीय सिनेमा के लिए एक नया रिकॉर्ड है.

भारत-पाकिस्तान की जासूसी दुनिया पर आधारित थी फिल्म

फिल्म स्पाई थ्रिलर जॉनर में बनी है. आदित्य धर ने इसे खूबसूरती से डायरेक्ट किया है. कहानी भारत-पाकिस्तान की जासूसी दुनिया पर आधारित है, जिसमें रणवीर सिंह एक अंडरकवर एजेंट का रोल निभाते हैं. एक्शन सीक्वेंस, टेंशन भरा प्लॉट और देशभक्ति का तड़का फिल्म को दर्शकों का पसंदीदा बनाता है. 

फैंस को पसंद आया आदित्य धर का प्लॉट

पहली फिल्म की सफलता के बाद सीक्वल में भी वही जोश और स्केल दिखाई दिया. यह सफलता बॉलीवुड के लिए बड़ी उम्मीद जगाती है. आजकल दक्षिण भारतीय फिल्में ग्लोबल स्तर पर छा रही थीं, लेकिन धुरंधर ने साबित कर दिया कि हिंदी सिनेमा भी विश्व पटल पर धमाल मचा सकता है. अच्छी स्क्रिप्ट, शानदार विजुअल्स और सही मार्केटिंग का कम्बिनेशन जब मिलता है तो कोई भी रिकॉर्ड टूट सकता है.


फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में भी अच्छा रिस्पॉन्स पाया. भारत में तो यह लगातार हाउसफुल चल रही है. चौथे हफ्ते में भी कलेक्शन में गिरावट कम है, जो वर्ड ऑफ माउथ की ताकत दिखाता है. रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस को खूब सराहा जा रहा है. आदित्य धर की डायरेक्शन ने एक बार फिर साबित किया कि वे बड़े स्केल की फिल्में बनाने में माहिर हैं.