बॉक्स ऑफिस पर नहीं रुक रही धुरंधर की कमाई, छह दिनों में की छप्पर फाड़ कमाई
रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर ने अपने छठे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और कुल कमाई 180 करोड़ रुपये पार कर ली. फिल्म अब पहले हफ्ते में ही 200 करोड़ क्लब में शामिल होने के बेहद करीब है.
रणवीर सिंह की नवीनतम रिलीज धुरंधर लगातार बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए है. विवादों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बावजूद फिल्म को दर्शकों से उम्मीद से कहीं ज्यादा प्यार मिल रहा है. मंगलवार की उछाल के बाद बुधवार को भी फिल्म की कमाई स्थिर रही और इसी प्रदर्शन ने इसे पहले हफ्ते में ही 200 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंचा दिया है.
Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार धुरंधर ने अपने छठे दिन यानी बुधवार को करीब 27 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इसके साथ फिल्म की कुल कमाई 180.25 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है. यह आंकड़ा इस बात का साफ संकेत है कि फिल्म शानदार रफ्तार से आगे बढ़ रही है और गुरुवार को भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रहा तो 200 करोड़ का आंकड़ा छूना बिल्कुल मुश्किल नहीं होगा.
बॉक्स ऑफिस पर नहीं मिली कोई बड़ी चुनौती
धुरंधर के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि आने वाले कुछ दिनों में इसे किसी बड़ी फिल्म से टक्कर नहीं मिलेगी. 25 दिसंबर तक इसका बॉक्स ऑफिस पर राज कायम रहने की उम्मीद है. इस दौरान कोई बड़े स्टार की फिल्म रिलीज नहीं हो रही है, जिससे धुरंधर को स्क्रीन और दर्शकों दोनों का फायदा मिलेगा.
हालांकि शुक्रवार 12 दिसंबर को कपिल शर्मा की किस किसको प्यार करूं 2 रिलीज होने जा रही है, लेकिन ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फिल्म धुरंधर की कमाई पर खास असर नहीं डालेगी.
बजट के मुकाबले फिल्म ने की शानदार रिकवरी
धुरंधर दो हिस्सों में बनी है और रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों पार्ट मिलाकर 280 करोड़ रुपये के भारी बजट में तैयार की गई है. माना जा रहा है कि पार्ट 1 का बजट लगभग 140 करोड़ रुपये है. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म अपनी पहली ही वीक में बजट को पार कर चुकी है, जिससे इसे एक सफल और हिट फिल्म माना जा रहा है.
इतना ही नहीं, जिस रफ्तार से फिल्म कमाई कर रही है उससे स्पष्ट है कि धुरंधर पार्ट 1 दोनों हिस्सों का बजट भी निकाल लेगी. इसका मतलब है कि पार्ट 2 के रिलीज होने तक मेकर्स को भारी मुनाफा मिलना लगभग तय है.
कब आएगी धुरंधर पार्ट 2
फिल्म के दूसरे हिस्से को लेकर फैंस में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है. रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि धुरंधर पार्ट 2 अगले साल ईद के मौके पर रिलीज की जाएगी. इस रिलीज डेट को देखते हुए यह फिल्म साउथ सुपरस्टार यश की आने वाली फिल्म टॉक्सिक से सीधी टक्कर लेगी.
पहले कहा जा रहा था कि अजय देवगन की धमाल 4 भी ईद 2026 पर रिलीज होगी लेकिन खबरों के अनुसार फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया है. इससे धुरंधर पार्ट 2 और टॉक्सिक के बीच मुकाबला और दिलचस्प हो जाएगा.
और पढ़ें
- आलीशान बंगला छोड़ यहां रहेंगे बाहुबली अनंत सिंह, नहीं मिलेगी गाय-घोड़े बांधने और गाड़ी पार्क करने की जगह
- भारत ने UNSC में पाकिस्तान को जमकर लताड़ा, अफगान नागरिकों पर हवाई हमलों को बताया गंभीर उल्लंघन
- 10 साल की जेल और 1 लाख जुर्माना... कर्नाटक में हेट स्पीच रोकथाम बिल को मिली मंजूरी, जानें क्या है खास