मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है. 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई यह जासूसी एक्शन थ्रिलर महज दो हफ्ते में ही दुनियाभर में जबरदस्त कमाई कर रही है. फिल्म ने वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन में 1523 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. भारत में भी यह 1000 करोड़ नेट क्लब में एंट्री करने की दहलीज पर खड़ी है.
आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं. साथ में अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. रिलीज के 16 दिनों में फिल्म ने भारत में करीब 959 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया है, जबकि कुल घरेलू ग्रॉस 1148 करोड़ के आसपास पहुंच गया है. विदेशों से भी अच्छी कमाई हो रही है.
सबसे बड़ी बात यह है कि धुरंधर 2 अब वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में टॉप भारतीय फिल्मों की लिस्ट में चौथे स्थान पर आ गई है. यह पुष्पा 2 और बाहुबली 2 जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड को चुनौती दे रही है. खासकर अमेरिकी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने बाहुबली 2 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. वहां यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है.
फिल्म की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि यह बिना किसी बड़े पब्लिक हॉलिडे के और आईपीएल 2026 जैसे बड़े इवेंट के बीच चल रही है. फिर भी दर्शक थिएटरों में लगातार पहुंच रहे हैं. वीकेंड पर परिवार और दोबारा देखने वाले दर्शकों की अच्छी भीड़ उमड़ रही है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आज यानी 17वें दिन फिल्म भारत में 1000 करोड़ नेट क्लब में दाखिल हो सकती है.
अगर ऐसा होता है तो यह पुष्पा 2 के बाद दूसरी ऐसी फिल्म होगी जो सिर्फ घरेलू नेट कलेक्शन में यह मुकाम हासिल करेगी. रणवीर सिंह की फैन फॉलोइंग और फिल्म की मजबूत स्टोरी ने दर्शकों को जोड़ा है. एक्शन सीक्वेंस, रोमांचक ट्विस्ट और बड़े स्क्रीन पर देखने लायक विजुअल्स फिल्म की ताकत बने हैं. पहले भाग धुरंधर की सफलता के बाद इस सीक्वल ने उम्मीदों को और बढ़ा दिया. अब पूरा फ्रैंचाइजी 2800 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुका है.