बॉक्स ऑफिस पर नहीं रुक रहा 'धुरंधर 2' का तूफान, रणवीर सिंह की फिल्म ने हफ्तेभर में जवान और कल्कि को छोड़ा पीछे
आदित्य धर की डायरेक्टेड धुरंधर द रिवेंज ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है. रणवीर सिंह की इस फिल्म ने महज 8 दिनों में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है.
मुंबई: धुरंधर द रिवेंज यानी धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए इतिहास रच रही है. रिलीज के 8वें दिन भी फिल्म की कमाई में जबरदस्त पकड़ देखने को मिली. दूसरे गुरुवार यानी 26 मार्च को फिल्म ने करीब 49.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया हैं. खास बात यह रही कि राम नवमी के मौके पर छुट्टी का फायदा फिल्म को मिला, जिससे सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी.
फिल्म ने सिर्फ 8 दिनों के अंदर दुनियाभर में 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है. भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 674.17 करोड़ तक पहुंच चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 805.32 करोड़ रहा. वहीं विदेशों में फिल्म ने 261.92 करोड़ की कमाई की, जिससे कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1067.24 करोड़ तक पहुंच गया. यह आंकड़ा इस बात का सबूत है कि रणवीर सिंह की यह फिल्म दर्शकों के बीच कितना जबरदस्त क्रेज बना चुकी है.
पहले हफ्ते में ही की रिकॉर्ड तोड़ कमाई
फिल्म की शुरुआत ही धमाकेदार रही थी. पहले दिन 102.55 करोड़ की ओपनिंग के बाद दूसरे दिन 80.72 करोड़ का कलेक्शन हुआ. वीकेंड पर फिल्म ने और तेजी पकड़ी और शनिवार को 113 करोड़ और रविवार को 114.85 करोड़ की कमाई की. हालांकि वीकडे में थोड़ी गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी और हर दिन शानदार आंकड़े दर्ज किए.
जवान और कल्कि 2898 एडी को छोड़ा पीछे
सबसे बड़ी बात यह है कि धुरंधर द रिवेंज ने अब भारत में नेट कलेक्शन के मामले में जवान और कल्कि 2898 एडी जैसी बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है. इसके साथ ही फिल्म ने स्त्री 2, छावा और कांतारा चैप्टर 1 के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पार कर लिया है. अब फिल्म का अगला लक्ष्य RRR का रिकॉर्ड है, जिसने भारत में 782.20 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था.
फिल्म को क्रिटिक्स की तरफ से ज्यादातर पॉजिटिव रिव्यू मिले हैं. कई समीक्षकों ने इसे हाई वोल्टेज एक्शन और इमोशनल ड्रामा बताया है, जिसमें रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस को खास तौर पर सराहा गया है. हालांकि दर्शकों की राय थोड़ी बंटी हुई नजर आई है. जहां एक वर्ग फिल्म के बड़े स्केल और एक्शन से प्रभावित है, वहीं कुछ लोग इसे प्रोपेगैंडा बताकर आलोचना भी कर रहे हैं.
और पढ़ें
- 21 साल छोटे हीरों की बांहों में कोजी हुईं मलाइका अरोड़ा, मां के अफेयर पर क्या बोला 24 साल का बेटा अरहान?
- बर्थडे से कुछ घंटों पहले घायल हुए थे राम चरण, अब कैसी है तबीयत? एक्टर के जन्मदिन पर मिली हेल्थ अपडेट
- कब और कहां देख सकेंगे 'वध 2'? नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की क्राइम ड्रामा की OTT डिटेल्स आई सामने