दिवंगत एक्टर देव आनंद के बेटे सुनील का दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन, 70 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
मशहूर दिवंगत अभिनेता देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का 26 जुलाई 2026 को लंदन में निधन हो गया. वे 70 साल के थे. परिवार के अनुसार सुनील आनंद को दिल का दौरा पड़ा था.
Dev Anand Son Passes Away: मशहूर दिवंगत अभिनेता देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का 26 जुलाई 2026 को लंदन में निधन हो गया. वे 70 साल के थे. परिवार के अनुसार सुनील आनंद को दिल का दौरा पड़ा और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली.
देव आनंद के बेटे का हुआ निधन
सुनील आनंद की भतीजी गिना नारंग ने परिवार की ओर से बयान जारी किया. उन्होंने कहा- 'भारी मन से हमारा परिवार सुनील आनंद के निधन पर शोक मना रहा है. पूरे देश और फिल्म जगत से हमें जो प्यार, प्रार्थनाएं और समर्थन मिला है, उसके लिए हम सच में आभारी हैं. इस मुश्किल समय में हम परिवार के साथ शोक मनाना चाहते हैं, इसलिए हम सब से प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील करते हैं.'
सुनील आनंद का जन्म 30 जून 1956 को हुआ था. उन्होंने हाल ही में 70 साल पूरे किए थे. देव आनंद के इकलौते बेटे सुनील ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने पिता के साथ काम करके शुरुआत की. 1970 के अंत और 1980 के शुरुआती सालों में उन्होंने देव आनंद की कई फिल्मों के निर्माण और डायरेक्शन में मदद की.
Also Read
अभिनय की शुरुआत और फिल्में
सुनील आनंद ने बतौर अभिनेता 1984 में डेब्यू किया. उनकी पहली फिल्म आनंद और आनंद थी, जिसका डायरेक्शन उनके पिता देव आनंद ने ही किया था. इसके बाद उन्होंने कार थीफ (1986), मेन तेरे लिए (1989) जैसी फिल्मों में काम किया. 2001 में उन्होंने मास्टर फिल्म से डायरेक्टर के रूप में भी एंट्री की, लेकिन अफसोस कि ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं हो पाईं.
सुनील आनंद हमेशा अपने पिता देव आनंद की छाया में काम करते रहे. देव आनंद की फिल्मों में उन्होंने कई तरह की जिम्मेदारियां संभालीं. हालांकि मुख्य अभिनेता के रूप में उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हमेशा फिल्ममेकिंग के पीछे का काम सीखने और करने में रुचि दिखाई.
परिवार और शोक
देव आनंद परिवार के लिए यह बहुत बड़ा सदमा है. सुनील आनंद के निधन की खबर से पुराने फिल्म प्रेमी और देव आनंद के फैंस भी काफी दुखी हैं. सोशल मीडिया पर कई लोग उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.