Chumbak Trailer: पड़ोसियों की गपशप से लेकर पारिवारिक ड्रामे तक, नेटफ्लिक्स की चुंबक में मिलेगा कॉमेडी का फुल डोज

नेटफ्लिक्स की नई फैमिली कॉमेडी सीरीज चुंबक का ट्रेलर रिलीज हो गया है. खिचड़ी और साराभाई वर्सेस साराभाई के मेकर्स की इस सीरीज में पांच परिवारों की कहानी दिखाई जाएगी. नीना गुप्ता, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, सुमीत व्यास और मानसी पारेख समेत कई कलाकार इसमें नजर आएंगे.

Youtube
Babli Rautela

मुंबई: कॉमेडी पसंद करने वाले दर्शकों के लिए नेटफ्लिक्स एक नई सीरीज लेकर आ रहा है. चुंबक का ट्रेलर 26 अगस्त को रिलीज कर दिया गया है और इसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि सीरीज की कहानी एक ऐसी कॉलोनी के इर्द गिर्द घूमेगी, जहां किसी की जिंदगी उसकी अपनी नहीं रह जाती. पड़ोसी एक दूसरे के घर की खबर रखने के साथ साथ उनकी परेशानियों में भी शामिल होते नजर आएंगे. बिना मांगी सलाह, छोटी छोटी बातों पर चर्चा और हर घटना को लेकर पड़ोस में फैलने वाली खबरें सीरीज की कहानी में कॉमेडी का रंग भरेंगी.

पांच परिवारों की कहानी में दिखेगा खूब सारा ड्रामा

चुंबक में एक ही कॉलोनी में रहने वाले पांच परिवारों की जिंदगी को कहानी का हिस्सा बनाया गया है. इन परिवारों के रिश्ते आपस में जुड़े हुए हैं और एक परिवार की परेशानी धीरे धीरे दूसरे परिवार तक पहुंचती नजर आती है. अर्जुन बिजलानी और हेली शाह मिकी और ट्विंकल ओबेरॉय की भूमिका में हैं. दोनों किरदार रोमांटिक स्वभाव के हैं और अपनी छोटी सी दुनिया में खुश नजर आते हैं. वहीं सुमीत व्यास और मानसी पारेख आदित्य और प्रियंका खन्ना का किरदार निभा रहे हैं. बाहर से शांत नजर आने वाले इस कपल की जिंदगी में भी कई तरह की उलझनें हैं.



नीना गुप्ता और देवेन भोजानी की जोड़ी भी खास

सीरीज में नीना गुप्ता और देवेन भोजानी रजनी और कुकू मर्चेंट के किरदार में नजर आएंगे. दोनों के बीच अक्सर बहस होती रहती है, लेकिन उनके रिश्ते में प्यार भी साफ दिखाई देता है. इसके अलावा सुमीत राघवन और संदीप धर धर्मेंद्र और किरण केजरीवाल की भूमिका निभा रहे हैं. इनके रिश्ते और व्यवहार से कहानी में कॉमेडी और गलतफहमी की एक अलग परत जुड़ती है. देलनाज ईरानी, अनंत वी जोशी और अमायरा दस्तूर भी तारापोरवाला परिवार का हिस्सा हैं. पूरी स्टारकास्ट मिलकर एक ऐसी कॉलोनी तैयार करती है, जहां हर व्यक्ति की जिंदगी किसी न किसी तरह दूसरे से जुड़ी हुई है.

पड़ोस की गपशप बनेगी कॉमेडी का आधार

चुंबक की कहानी की सबसे खास बात इसकी रोजमर्रा की स्थितियां हैं. पति पत्नी की छोटी नोकझोंक, बच्चों की परवरिश, पारिवारिक समारोह और पड़ोसियों की बेवजह की दिलचस्पी जैसी चीजों को कहानी में हास्य के साथ दिखाया गया है. ट्रेलर में यह भी नजर आता है कि कॉलोनी में कोई भी बात ज्यादा देर तक निजी नहीं रहती. किसी के घर में कुछ हुआ नहीं कि खबर दूसरे घर तक पहुंच जाती है. यही पड़ोस की आदतें सीरीज में हंसी के कई मौके पैदा करती हैं. कहानी को इस तरह रखा गया है कि दर्शक इन घटनाओं को अपने आसपास की जिंदगी से जोड़ सकें.

चुंबक को हैट्स ऑफ प्रोडक्शन ने बनाया है. यही बैनर खिचड़ी और साराभाई वर्सेस साराभाई जैसे लोकप्रिय कॉमेडी शो के लिए जाना जाता है. सीरीज की कहानी और निर्देशन आतिश कपाड़िया ने किया है. जमनादास मजेठिया और आतिश कपाड़िया इसके निर्माता हैं. इस वजह से शो से दर्शकों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं. पुराने कॉमेडी शोज की तरह चुंबक में भी परिवार और रिश्तों से जुड़ी छोटी छोटी घटनाओं को मजेदार अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है.