शूटिंग के दौरान समुद्र में डूबने से एक्टर का 43 साल की उम्र में निधन, इंडस्ट्री में पसरा मातम
बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी (43) का ओडिशा के तालसरी बीच पर शूटिंग के दौरान समुद्र में डूबने से निधन हो गया. वे ‘भोले बाबा पार करेगा’ सीरियल की शूटिंग कर रहे थे.
बंगाली फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का शूटिंग के दौरान हादसे में निधन हो गया. वह केवल 43 साल के थे. यह घटना रविवार को ओडिशा के तालसरी समुद्र तट पर हुई, जहां वह ‘भोले बाबा पार करेगा’ नामक सीरियल की शूटिंग कर रहे थे. शूटिंग खत्म होने के बाद वह समुद्र में उतरे और अचानक डूब गए. पूरी टीम सदमे में है और इंडस्ट्री में मातम पसरा है.
टिंग के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, राहुल अपने सीरियल ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग के लिए दीघा के पास तालसरी बीच गए थे. रविवार की शूटिंग खत्म हो चुकी थी और दोपहर तीन बजे पैकअप हो गया था. इसके बाद राहुल समुद्र में उतरे और अचानक पानी में डूबने लगे. मौके पर मौजूद टेक्नीशियनों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन करीब एक घंटे तक उनका कुछ पता नहीं चल पाया.
अस्पताल में तोड़ा दम
काफी मशक्कत के बाद राहुल को समुद्र से बाहर निकाला गया. उनकी हालत बेहद गंभीर थी. उन्हें तुरंत दीघा जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिवार और फैंस के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है. राहुल अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. पूरा बंगाली मनोरंजन जगत स्तब्ध है.
सह-कलाकार ने बताई दर्दनाक कहानी
शो में राहुल के जेट्ठू का किरदार निभाने वाले भास्कर बनर्जी ने बताया कि पूरी टीम तालसरी में शूटिंग के लिए गई थी. तीन बजे पैकअप होने के बाद ही उन्हें पता चला कि राहुल समुद्र में डूब गए हैं. भास्कर ने साफ किया कि इस घटना में किसी भी तरह का नशा या नशीला पदार्थ शामिल नहीं था. यह एक अचानक हुआ हादसा था, जिससे किसी को उबरने का मौका नहीं मिला.
इंडस्ट्री में शोक की लहर
राहुल अरुणोदय बनर्जी के निधन से बंगाली टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में गहरा शोक है. सह-कलाकारों, निर्देशकों और फैंस ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देनी शुरू कर दी है. उनकी अचानक गई जान ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. 43 साल की उम्र में इस अभिनेता का जाना इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जा रही है.