अरिजीत सिंह ने फैंस को दिया सरप्राइज, रिटायरमेंट के बाद रिलीज हुआ पहला इंडिपेंडेंट ट्रैक 'रैना'; Video
अरिजीत सिंह ने अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया है. जनवरी 2026 में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान करने के बाद अब उन्होंने अपना पहला इंडिपेंडेंट सॉन्ग 'रैना' रिलीज कर दिया.
मुंबई: बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर सिंगर अरिजीत सिंह ने अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया है. जनवरी 2026 में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान करने के बाद अब उन्होंने अपना पहला इंडिपेंडेंट सॉन्ग 'रैना' रिलीज कर दिया. यह गाना 27 फरवरी 2026 को यूट्यूब चैनल Garuudaa Musiic पर ड्रॉप हुआ और रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. फैंस इसे सुनकर भावुक हो गए और कमेंट्स में लिख रहे हैं- 'लेजेंड बैक', 'अरिजीत जैसा कोई नहीं' और 'दिल छू लिया.'
अरिजीत सिंह ने फैंस को दिया सरप्राइज
अरिजीत ने इस साल 27 जनवरी को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके बताया था कि अब वो नए फिल्म प्रोजेक्ट्स में प्लेबैक सिंगर के तौर पर काम नहीं करेंगे. उन्होंने लिखा था- 'इतने सालों तक मुझे इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया. अब से मैं कोई नया प्लेबैक प्रोजेक्ट नहीं लूंगा. यह सफर शानदार रहा.' फैंस इस खबर से काफी उदास हुए थे, लेकिन अरिजीत ने क्लियर किया कि उनके पुराने गाने 2026 और शायद 2027 तक रिलीज होते रहेंगे. अब 'रैना' के साथ उन्होंने इंडिपेंडेंट म्यूजिक की दुनिया में कदम रखा है.
'रैना' एक रोमांटिक और सुकून देने वाला लव सॉन्ग है, जो रात की खामोशी और गहरे इमोशंस को बयां करता है. इसमें अरिजीत की वो जादुई आवाज है, जो सीधे दिल तक पहुंचती है. म्यूजिक कंपोज किया है शेखर रवजियानी ने, जबकि लिरिक्स लिखे हैं प्रिया सरैया ने. अरिजीत और शेखर ने इंस्टाग्राम पर गाने की रिलीज की जानकारी शेयर की. कैप्शन में लिखा- 'रैना अब आउट है, इसे फुल वॉल्यूम पर सुनो, गहराई से फील करो, रात को अपने ऊपर छोड़ दो.'
ऑफिशियल वीडियो भी Garuudaa Musiic चैनल पर उपलब्ध है. फैंस इस ट्रैक को 'मास्टरपीस' बता रहे हैं. कई ने कहा कि अरिजीत की आवाज में वो पुराना जादू फिर लौट आया है. यह गाना क्लासिकल टच के साथ मॉडर्न फील देता है, जो अरिजीत के क्लासिकल म्यूजिक के प्रति प्यार को दिखाता है. रिटायरमेंट के फैसले के पीछे अरिजीत ने क्लासिकल म्यूजिक और पर्सनल प्रोजेक्ट्स पर फोकस करने की बात कही थी. 'रैना' इसी नए चैप्टर की शुरुआत है.
अरिजीत सिंह हमेशा से फैंस के दिलों में राज करते आए हैं. 'तुम ही हो', 'चन्ना मेरेया' जैसे गानों से उन्होंने बॉलीवुड में तहलका मचाया. अब इंडिपेंडेंट म्यूजिक के साथ वो अपनी क्रिएटिविटी को और आजाद कर रहे हैं. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि आगे भी ऐसे ही खूबसूरत ट्रैक्स आएंगे. 'रैना' सुनकर एक बात साफ है- अरिजीत की आवाज कभी नहीं रुकेगी, बस अब वो फिल्मों से बाहर अपनी मर्जी से गा रहे हैं.