'अल्कोहल, पानी और चीनी की गोलियां होती हैं', होम्योपैथी को लेकर अनुष्का शर्मा की पोस्ट पर 'द लिवर डॉक' का बड़ा हमला
अनुष्का शर्मा की होम्योपैथी पर की गई पोस्ट ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. जहां समर्थकों और कुछ डॉक्टरों ने इसका बचाव किया वहीं 'द लिवर डॉक' से मशहूर लिवर विशेषज्ञ ने इसे बिना सबूत का बताकर खारिज कर दिया.
बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा पोस्ट कर दिया है जिसने इंटरनेट पर बहस का एक नया तूफान खड़ा कर दिया है. मामला सेहत और इलाज से जुड़ा है. इसलिए इस पर आम जनता से लेकर बड़े-बड़े डॉक्टर भी आपस में भिड़ गए हैं.
दरअसल अनुष्का ने होम्योपैथी को लेकर अपना एक पर्सनल एक्सपीरियंस शेयर किया था जिसके बाद अल्टरनेटिव मेडिसिन को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है. कुछ लोग उनके इस कदम का समर्थन कर रहे हैं तो वहीं मेडिकल कम्युनिटी का एक बड़ा हिस्सा इसकी तीखी आलोचना कर रहा है.
अनुष्का ने शेयर किया था अपना अनुभव
अनुष्का शर्मा ने मशहूर होम्योपैथिक डॉक्टर राजन संकरण और बिजनेसमैन नमिता थापर की बातचीत का एक वीडियो शेयर किया था. इस पोस्ट में अनुष्का ने लिखा कि होम्योपैथी ने उनकी जिंदगी में बहुत अहम भूमिका निभाई है और वे सेहत को लेकर डॉक्टर संकरण के विचारों का काफी सम्मान करती हैं. वीडियो में डॉक्टर संकरण ने कहा था कि सभी चिकित्सा पद्धतियों को आपस में लड़ने के बजाय मिलकर काम करना चाहिए क्योंकि होम्योपैथी बीमारी के बजाय इंसान के पूरे शरीर का इलाज करने पर भरोसा रखती है.
उन्होंने कहा कि अक्सर बीमारियां समय के साथ खुद ठीक हो जाती हैं लेकिन लोग इसका क्रेडिट होम्योपैथी को दे देते हैं. उन्होंने ब्रिटेन, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों का हवाला भी दिया जहां सबूत न मिलने के कारण इन इलाजों को मिलने वाली सरकारी मदद बंद कर दी गई है. भारत में इसे आयुष मंत्रालय के तहत मान्यता तो मिली हुई है लेकिन साइंस और आस्था की यह जंग सालों पुरानी है जो अनुष्का की पोस्ट से एक बार फिर गरमा गई है.