कहां हैं अमिताभ बच्चन की 'जुम्मा चुम्मा' गर्ल? कभी एक साल में दी थी 15 फिल्में; अब जी रही हैं ऐसी जिंदगी

किमी काटकर ने 80 और 90 के दशक में अपनी खूबसूरती और ग्लैमरस अंदाज से बॉलीवुड पर राज किया था. अमिताभ बच्चन के साथ उनका गाना जुम्मा चुम्मा सुपरहिट हुआ और वह रातोंरात स्टार बन गईं.

Social Media
Babli Rautela

80 और 90 के दशक में बॉलीवुड में कई ऐसी एक्ट्रेसेस थीं जिन्होंने अपनी खूबसूरती और शानदार स्क्रीन प्रेजेंस से लोगों के दिलों पर राज किया है. उन्हीं में से एक नाम किमी काटकर का भी था. किमी ने बहुत कम समय में इंडस्ट्री में बड़ी पहचान बना ली थी और वह उस दौर की सबसे ग्लैमरस एक्ट्रेसेस में गिनी जाती थीं. हालांकि जब उनका करियर सफलता की ऊंचाइयों पर था तभी उन्होंने अचानक फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली. शादी के बाद उन्होंने बॉलीवुड छोड़ दिया और लाइमलाइट से पूरी तरह गायब हो गईं.

17 साल की उम्र में शुरू किया था करियर

किमी काटकर का जन्म एक्ट्रेस मीना फर्नांडीज के घर हुआ था. उनकी मां भी फिल्मों में काम कर चुकी थीं. किमी ने बहुत छोटी उम्र में ही मॉडलिंग की दुनिया में कदम रख दिया था. सिर्फ 17 साल की उम्र में उन्होंने मॉडलिंग शुरू की और अपनी खूबसूरती से जल्दी ही लोगों का ध्यान खींचने लगीं. इसके बाद उन्होंने फिल्मों की तरफ रुख किया.

टार्जन गर्ल बनकर हुईं मशहूर

साल 1985 में किमी ने फिल्मों में कदम रखा. हालांकि उन्हें असली पहचान फिल्म एडवेंचर्स ऑफ टार्जन से मिली थी. इस फिल्म में उनके साथ हेमंत बिरजे नजर आए थे. फिल्म में किमी का ग्लैमरस अंदाज लोगों को काफी पसंद आया और वह रातोंरात स्टार बन गईं. इसके बाद उन्हें बॉलीवुड में टार्जन गर्ल के नाम से पहचान मिलने लगी. इस फिल्म की सफलता के बाद किमी के पास फिल्मों की लाइन लग गई.  किमी काटकर ने अपने करियर में लहू, दरिया दिल, सोने पे सुहागा, गैर कानूनी और खून का कर्ज जैसी कई फिल्मों में काम किया. उनकी लोकप्रियता इतनी ज्यादा थी कि साल 1989 में उनकी करीब 15 फिल्में रिलीज हुई थीं. उस दौर में यह किसी भी एक्ट्रेस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी.

जुम्मा चुम्मा गाने ने बना दिया सुपरस्टार

हालांकि किमी काटकर के करियर का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म हम में काम किया. फिल्म का गाना जुम्मा चुम्मा जबरदस्त हिट साबित हुआ. इस गाने ने किमी को देशभर में मशहूर कर दिया. लोग उन्हें जुम्मा चुम्मा गर्ल के नाम से पहचानने लगे. आज भी यह गाना बॉलीवुड के सबसे आइकॉनिक गानों में गिना जाता है और किमी का नाम सुनते ही लोगों को यह सुपरहिट गाना याद आ जाता है.

 साल 1992 में उन्होंने फोटोग्राफर और एड फिल्ममेकर शांतनु शौरी से शादी कर ली. शादी के बाद उन्होंने बॉलीवुड से दूरी बनाने का फैसला किया. जहां कई सितारे लंबे समय तक इंडस्ट्री में बने रहते हैं वहीं किमी ने पूरी तरह निजी जिंदगी चुन ली. आज किमी काटकर पूरी तरह लाइमलाइट से दूर हैं. शादी के बाद वह अपने पति और बेटे के साथ कई सालों तक ऑस्ट्रेलिया में रहीं. बाद में बेटे की पढ़ाई के लिए वह भारत लौट आईं और अब पुणे में रहती हैं. वह सोशल मीडिया और फिल्मी दुनिया से काफी दूर रहती हैं और बेहद निजी जिंदगी जी रही हैं.