अंकित बालियान की हत्या पर AICWA ने मांगा इंसाफ, हत्यारों पर सख्त कार्रवाई की मांग
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई. चार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया. AICWA ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
Ankit Baliyan Murder: अंकित बालियान की हत्या ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री को झकझोर दिया है. 32 वर्षीय सिंगर की जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसी बीच AICWA ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर परिवार को न्याय दिलाने और हत्यारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
जिम से बाहर निकलते ही अंकित पर हुआ हमला
शामली में बुधवार शाम करीब 6:55 बजे अंकित बालियान जिम से बाहर निकले थे. पुलिस के मुताबिक, दो गाड़ियों में आए चार लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं. करीब 18 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है, जिसमें पांच गोलियां अंकित को लगीं. पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. अंकित की उम्र 32 साल थी और वह सिंगिंग के साथ यूट्यूब पर भी सक्रिय थे.
Also Read
AICWA ने मुख्यमंत्री से मांगा न्याय
घटना के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने अंकित के परिवार के समर्थन में आवाज उठाई है. संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच कराने की मांग की. AICWA ने कहा कि हत्या में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. हत्या के बाद परिवार और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर विरोध किया और न्याय की मांग की.
गोगी गैंग के नाम से वायरल पोस्ट की जांच
अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली एक सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आई है, जिसे गोगी गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है. पोस्ट में हत्या की वजह एक गाने को बताया गया है. हालांकि, पुलिस अभी इसकी पुष्टि कर रही है. शामली के एसपी एनपी सिंह के अनुसार, वायरल पोस्ट की जांच के साथ पुराने विवाद की संभावना भी देखी जा रही है. पुलिस हमलावरों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटा रही है.