अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का दुबई शेड्यूल रद्द, अब मुंबई में होगा भव्य गाने का शूट
शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' के बाद अब अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' की टीम ने भी अपना दुबई शेड्यूल कैंसिल कर दिया है. फिल्म के डायरेक्टर अहमद खान एक भव्य गाने का शूट दुबई में करने वाले थे, लेकिन अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्लान को बदल दिया गया है.
मुंबई: बॉलीवुड पर मध्य पूर्व के बढ़ते तनाव का असर दिख रहा है. शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' के बाद अब अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' की टीम ने भी अपना दुबई शेड्यूल कैंसिल कर दिया है. फिल्म के डायरेक्टर अहमद खान एक भव्य गाने का शूट दुबई में करने वाले थे, लेकिन अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्लान को बदल दिया गया है. अब पूरा गाना मुंबई में ही फिल्माया जाएगा.
अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का दुबई शेड्यूल रद्द
सूत्रों के मुताबिक अहमद खान के साथ अक्षय कुमार, रवीना टंडन, परेश रावल, दिशा पाटनी, अरशद वारसी, जैकलीन फर्नांडीज, लारा दत्ता, श्रेयस तलपड़े समेत फिल्म की पूरी मुख्य कास्ट दुबई जाने वाली थी. लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए टीम ने एक महीने इंतजार करने के बाद लोकेशन बदलने का फैसला लिया.
एक सूत्र ने बताया- 'मध आइलैंड, गोल्डन टोबैको स्टूडियो और गोरेगांव के फिल्म सिटी में भव्य सेट लगाए जाएंगे. अहमद खान और प्रोड्यूसर फिरोज ए. नाडियादवाला ने इस गाने को बहुत ग्लैमरस बनाने की सोची थी, जो अमीरों की शानदार जिंदगी दिखाएगा. दुबई इस गाने के लिए परफेक्ट जगह होती, लेकिन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अब मुंबई में ही शूट होगा.'
'किंग' का भी हो चुका दुबई शेड्यूल रद्द
'वेलकम टू द जंगल' एक मल्टी-स्टारर कॉमेडी फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार लीड रोल में हैं. फिल्म में कई बड़े कलाकार शामिल हैं और यह सीरीज की तीसरी फिल्म मानी जा रही है. पहले दो पार्ट 'वेलकम' और 'वेलकम बैक' काफी हिट रहे थे. इससे पहले शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का भी दुबई शेड्यूल रद्द हो चुका है. दोनों फिल्मों की टीमों ने सुरक्षा को देखते हुए विदेशी शूटिंग को टालने का फैसला किया है.
प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला की यह फिल्म काफी समय से बन रही है. टीम अब मुंबई के स्टूडियोज में बड़े पैमाने पर सेट तैयार कर रही है ताकि गाने का विजुअल इफेक्ट दुबई जितना ही शानदार लगे. फिल्म के फैन्स को इस खबर से थोड़ी निराशा हो सकती है, लेकिन सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है. अब सबकी नजर इस भव्य गाने पर है, जो मुंबई के सेट्स पर फिल्माया जाएगा.