बॉलीवुड के पॉपुलर एक्टर अक्षय कुमार ने अपनी नई फिल्म 'समुक' की शूटिंग सोमवार से शुरू कर दी है. यह एक महत्वाकांक्षी सर्वाइवल-एक्शन थ्रिलर है, जिसका निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं. प्रोड्यूसर हैं विपुल अमृतलाल शाह और को-प्रोड्यूसर आशिन ए शाह. फिल्म को पैन-इंडिया थिएट्रिकल प्रोजेक्ट के रूप में तैयार किया जा रहा है. इसमें सर्वाइवल, एक्शन और एलियन मिथोलॉजी का मेल है.
अक्षय कुमार इस फिल्म के जरिए एक नए तरह के किरदार में नजर आएंगे. यह उनके करियर में एक अलग प्रयोग साबित हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रोजेक्ट पर पिछले दो साल से ज्यादा समय से काम चल रहा है. मेकर्स ने इसमें मिलिट्री रियलिज़्म, सर्वाइवल हॉरर और साइंस-फिक्शन एलिमेंट्स को मिलाकर एक नई दुनिया बनाई है.
AKSHAY KUMAR - VIPUL AMRUTLAL SHAH REUNITE – ALIEN ACTION THRILLER 'SAMUK' SHOOTING BEGINS... #AkshayKumar is heading where he hasn't gone before – alien territory.
— taran adarsh (@taran_adarsh) August 24, 2026
The actor has begun shooting for #Samuk, an ambitious survival-action thriller that brings together an… pic.twitter.com/dc4HMlStnn
विपुल अमृतलाल शाह के लिए यह अक्षय कुमार के साथ 13 साल बाद फिर से काम करने का मौका है. दोनों पहले भी कई फिल्मों में साथ रहे हैं. शाह ने कहा- '13 साल के गैप के बाद अक्षय कुमार के साथ नई यात्रा शुरू करना हमारे लिए बहुत खुशी और गर्व की बात है. हर बार बेहतर और बड़ा काम करने की कोशिश हमारी खासियत रही है. इस बार चुनौती पहले से कहीं ज्यादा बड़ी है. उम्मीद है कि हम ऐसी फिल्म बनाएंगे जो दर्शकों को बहुत पसंद आए.'
विपुल शाह ने पहले थ्रिलर, फैमिली ड्रामा, रोमांस, कॉमेडी और एक्शन जैसी कई तरह की फिल्में बनाई हैं. 'समुक' में उनका फोकस एलियन सर्वाइवल स्टोरी पर है, जिसमें क्रिएचर और एक्शन सीक्वेंस पर खास मेहनत की जा रही है.
फिल्म की खास बात यह है कि इसमें एकेडमी अवॉर्ड नॉमिनेटेड क्रिएचर डिजाइनर एलेक गिलिस जुड़े हैं. वे एलियन और प्रिडेटर फ्रैंचाइज़ी के साथ-साथ एलियन: रोमुलस जैसी फिल्मों के काम के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने 'समुक' के मुख्य एलियन को डिजाइन किया है. प्रैक्टिकल क्रिएचर डिजाइन का इस्तेमाल करने से एलियन को स्क्रीन पर ज्यादा रियल और प्रभावशाली बनाया जा सकेगा.
कुल मिलाकर 'समुक' अक्षय कुमार की फिल्मोग्राफी में एक नया अध्याय जोड़ने वाली है. दर्शक इस एलियन एक्शन थ्रिलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.