Faisal Khan Apologies to Aamir Khan: आमिर खान के छोटे भाई फैजल खान ने लंबे समय से चले आ रहे परिवारिक विवाद पर बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने अपनी गलतियों को खुलकर स्वीकार किया और पूरे परिवार से माफी मांग ली है. फैजल ने अपनी अम्मी, भाई आमिर खान, बहन निखत और जीजा संतोष हेगड़े से माफी मांगते हुए कहा कि गुस्से और दर्द में उन्होंने जो कुछ भी कहा, वह गलत था.
फैजल खान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में भावुक होकर कहा- 'मैं सबसे पहले अपनी अम्मी से माफी मांगता हूं. निखत दीदी से माफी मांगता हूं. संतोष जी से माफी मांगता हूं और आमिर भाई से भी माफी मांगता हूं. गुस्से में मैंने बहुत कुछ बोल दिया जो नहीं बोलना चाहिए था.'
उन्होंने माना कि परिवार के खिलाफ पब्लिक में बयान देना उनकी सबसे बड़ी भूल थी. फैजल ने कहा- 'ये बातें मुझे परिवार के साथ बैठकर करनी चाहिए थीं, बाहर नहीं.' अब उनका कहना है कि उन्हें किसी को गलत साबित करने की जरूरत नहीं है. उन्हें सिर्फ शांति और परिवार के साथ अच्छे रिश्ते चाहिए.
फैजल खान ने बताया कि कुरान शरीफ पढ़ते समय उन्हें एक आयत मिली, जिसमें परिवार के रिश्तों को न तोड़ने की ताकीद की गई है. इसी आयत ने उनकी सोच बदल दी. उन्होंने फैसला किया कि अब पुरानी बातों को भूलकर आगे बढ़ेंगे. रिश्ते बचाना ज्यादा जरूरी है.
फैजल ने सबसे पहले अपनी बहन निखत को फोन किया. निखत ने तुरंत फोन उठाया. जब उन्हें पता चला कि अम्मी उन्हें याद करती हैं तो फैजल की आंखें भर आईं. अगले ही दिन वे मुंबई के लिए फ्लाइट पकड़कर पहुंच गए. अम्मी से मिलकर उन्होंने दिल से माफी मांगी. बाद में उन्होंने आमिर खान से भी मुलाकात की और कहा- 'आई एम सॉरी भाई, जो मैंने किया वो नहीं करना चाहिए था. मुझे माफ कर दीजिए.'
फैजल खान ने खुशी जताते हुए बताया कि पूरे परिवार ने उन्हें प्यार से अपनाया. अम्मी, आमिर, निखत और संतोष सभी ने उन्हें गले लगाया. अब सारे गिले-शिकवे खत्म हो चुके हैं. फैजल ने कहा- 'मुझे अब किसी जवाब की जरूरत नहीं. मुझे सिर्फ परिवार की शांति चाहिए.' यह फैजल खान का भावुक बयान बॉलीवुड में काफी चर्चा में है.