कक्षा 8 की NCERT की बुक में 'न्यायपालिका में भ्रष्टाचार' विषय पढ़ाने पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने जताई आपत्ति, जानें पूरा मामला?
सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने NCERT की नई कक्षा 8 सामाजिक विज्ञान पुस्तक में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार के उल्लेख पर कड़ी आपत्ति जताई है. CJI ने कहा न्यायपालिका की अखंडता पर कोई समझौता नहीं होगा.
नई दिल्ली: न्यायपालिका देश की सबसे विश्वसनीय संस्था मानी जाती है, लेकिन अब स्कूली किताबों में भी इसके खिलाफ बातें लिखी जा रही हैं. NCERT की नई कक्षा 8 की सामाजिक विज्ञान पुस्तक में 'न्यायपालिका में भ्रष्टाचार' को प्रमुख चुनौतियों में शामिल किया गया है. यह खबर सामने आते ही सुप्रीम कोर्ट में हलचल मच गई. बुधवार को चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने इसे गंभीर मुद्दा मानते हुए सख्त रुख अपनाया. सीनियर वकीलों ने भी चिंता जताई कि छोटे बच्चों को ऐसी बातें पढ़ाना संस्था की छवि खराब करने जैसा है. CJI ने स्पष्ट किया कि वे इसकी इजाजत नहीं देंगे और कानून अपना रास्ता अपनाएगा.
सीजेआई ने जताई सख्त आपत्ति, संस्था की रक्षा का संकल्प
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने खुले अदालत में कहा कि वे न्यायपालिका को बदनाम करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने बताया कि उन्हें कई हाईकोर्ट जजों के फोन और मैसेज आए हैं, जो इस सामग्री से व्यथित हैं. CJI ने कहा, "मैं किसी को भी पृथ्वी पर इस संस्था की अखंडता को धूमिल करने या बदनाम करने की अनुमति नहीं दूंगा. चाहे कोई कितना प्रभावशाली हो, कानून अपना काम करेगा." उन्होंने बार और बेंच दोनों की चिंता का जिक्र करते हुए इसे पूरे न्यायिक सिस्टम से जुड़ा मामला बताया.
कपिल सिब्बल और सिंघवी ने उठाया मुद्दा
सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने अदालत में कहा कि संस्था के सदस्य होने के नाते वे बहुत दुखी हैं. कक्षा 8 के बच्चों को न्यायपालिका में भ्रष्टाचार पढ़ाया जा रहा है, जो बेहद आपत्तिजनक है. उनके पास पुस्तक की प्रतियां भी हैं. अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि सिर्फ सामग्री ही नहीं, बल्कि उसका चयन भी चिंताजनक है. उन्होंने सवाल किया कि अगर भ्रष्टाचार की बात है तो नौकरशाही, राजनीति या अन्य क्षेत्रों का जिक्र क्यों नहीं? CJI ने दोनों को मुद्दा उठाने के लिए धन्यवाद दिया.
स्वतः संज्ञान और कार्रवाई का ऐलान
CJI ने स्पष्ट किया कि वे पहले ही इस मामले में स्वतः संज्ञान ले चुके हैं और आदेश पारित कर दिए हैं. सिब्बल ने उम्मीद जताई कि अदालत खुद संज्ञान लेगी, तो CJI ने जवाब दिया कि यह काम हो चुका है. उन्होंने इसे "सोची-समझी और गहरी योजना" का हिस्सा बताया. अदालत ने कहा कि उचित कदम उठाए जाएंगे, ताकि न्यायपालिका की छवि पर कोई असर न पड़े.
किताब में क्या लिखा है? चुनौतियों का जिक्र
NCERT की नई पुस्तक में अध्याय 'हमारे समाज में न्यायपालिका की भूमिका' के तहत भ्रष्टाचार, लाखों लंबित मामले और जजों की कमी को न्यायिक व्यवस्था की बड़ी चुनौतियां बताया गया है. यह पुरानी किताबों से अलग है, जहां सिर्फ अदालतों की संरचना पर फोकस था. किताब में कहा गया कि ये समस्याएं गरीबों को न्याय पहुंचने में बाधा बनती हैं. पूर्व CJI बीआर गवई के बयान का भी हवाला दिया गया है.
और पढ़ें
- CBSE 12वीं परीक्षा, अकाउंटेंसी का पेपर लिखते समय इन बातों का रखें ध्यान; कॉमर्स स्ट्रीम के छात्र करें नोट
- 20 मिनट तक वॉशरुम में थी छात्रा, महाराष्ट्र में HSC परीक्षा शुरु होने से पहले पेपर लीक? Whatsapp ग्रुप में चल रहा था खेल
- AIBE 21 परीक्षा 2026 देने वाले हैं? आ गया बड़ा अपडेट, बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने जारी किया नया गाइडलाइन