NCERT ने शुरू किया 40 हफ्ते का ऑनलाइन साइंस टीचिंग डिप्लोमा, जानें पात्रता और आवेदन की अंतिम तिथि
NCERT ने कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान पढ़ाने के लिए 40 सप्ताह का ऑनलाइन डिप्लोमा कोर्स घोषित किया है. रजिस्ट्रेशन 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक होगा.
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने 2026-27 सत्र के लिए कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान पढ़ाने से संबंधित 40 सप्ताह का ऑनलाइन डिप्लोमा कोर्स शुरू करने की घोषणा की है. इसका उद्देश्य विज्ञान शिक्षकों की विषय संबंधी समझ और पढ़ाने की क्षमता को बेहतर बनाना है.
12 अक्टूबर से रजिस्ट्रेशन
इस ऑनलाइन कोर्स के नए बैच के लिए रजिस्ट्रेशन 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा. इच्छुक उम्मीदवार 12 नवंबर 2026 तक NCERTX लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे. कोर्स ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा और पंजीकृत उम्मीदवार अपने अकाउंट से अध्ययन सामग्री हासिल कर सकेंगे.
16 नवंबर से शुरू होगा कोर्स
कोर्स की शुरुआत 16 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है और इसके 31 अगस्त 2027 तक पूरा होने की संभावना है. इसमें कुल 40 मॉड्यूल होंगे. हर सोमवार एक नया मॉड्यूल उपलब्ध कराया जाएगा और प्रत्येक मॉड्यूल को पूरा करने में लगभग 6 से 8 घंटे लगने की उम्मीद है.
Also Read
मल्टीमीडिया से होगी पढ़ाई
यह कार्यक्रम MOOC यानी Massive Open Online Course के रूप में तैयार किया गया है. इसमें मल्टीमीडिया आधारित इंटरैक्टिव सामग्री का इस्तेमाल होगा. पाठ्यक्रम में विज्ञान की बुनियादी अवधारणाओं से शुरुआत करते हुए विषयों की गहरी समझ विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा. सामग्री शिक्षकों को पाठ योजना बनाने और विद्यार्थियों को कठिन अवधारणाएं समझाने में भी मदद कर सकती है.
कौन कर सकता है आवेदन
NCERT के अनुसार, BSc डिग्री वाले उम्मीदवार, कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान पढ़ाने वाले इन-सर्विस शिक्षक, शिक्षा में डिप्लोमा या डिग्री वाले उम्मीदवार और शिक्षा में डिप्लोमा या डिग्री कर रहे प्री-सर्विस शिक्षक आवेदन कर सकते हैं. विज्ञान शिक्षा से सीधे जुड़े अन्य लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं.
शिक्षक नियुक्ति की योग्यता नहीं
NCERT ने स्पष्ट किया है कि यह एक अकादमिक और प्रोफेशनल डेवलपमेंट कोर्स है. इसे शिक्षक नियुक्ति के लिए जरूरी किसी अन्य योग्यता के बराबर नहीं माना जाएगा. यह कोर्स किसी दूसरी अनिवार्य शिक्षक-योग्यता से छूट का आधार भी नहीं बन सकता.
फीस 2,000 रुपये
कोर्स की एकमुश्त रजिस्ट्रेशन फीस 2,000 रुपये है. भुगतान ऑनलाइन करना होगा. भुगतान के बाद आमतौर पर एक सप्ताह के भीतर NCERTX की ओर से ईमेल के जरिए आगे की नामांकन प्रक्रिया की जानकारी भेजी जाएगी. उम्मीदवारों को भुगतान और एनरोलमेंट के दौरान एक ही ईमेल आईडी इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
40 टेस्ट और अंतिम परीक्षा
हर मॉड्यूल के अंत में एक ऑब्जेक्टिव टेस्ट होगा. प्रत्येक टेस्ट 15 दिनों तक उपलब्ध रहेगा, ताकि प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार उसे पूरा कर सकें. सभी 40 मॉड्यूल पूरे करने और सभी 40 टेस्ट में शामिल होने वाले उम्मीदवार अंतिम परीक्षा के लिए पात्र होंगे. अंतिम परीक्षा समय-सीमा वाली होगी और इसकी तारीख बाद में घोषित की जाएगी.
सफल उम्मीदवारों को ई-सर्टिफिकेट
कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को NCERT की ओर से “Teaching of Science at Middle Stage” का ई-सर्टिफिकेट दिया जाएगा. पूरा कार्यक्रम ऑनलाइन होगा, जिसके लिए इंटरनेट कनेक्शन के साथ लैपटॉप या डेस्कटॉप का इस्तेमाल किया जा सकता है.