रद्द हुई NEET UG परीक्षा, पेपर लीक के चलते लिया गया फैसला; अब CBI करेगी जांच
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी से, 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने और इस परीक्षा को उन तारीखों पर दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिनकी सूचना अलग से दी जाएगी.
NEET UG 2026 Canceled Amid Paper Leak: पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद NEET UG 2026 को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा रद्द कर दिया गया है. इसके साथ ही केंद्र सरकार ने सीबीआई को इस मामले की विस्तृत जांच का आदेश दिया है. NTA ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 10 मई 2026 को एक प्रेस रिलीज जारी की गई थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है. एजेंसी ने 8 मई 2026 को ही यह मामला सीबीआई को सौंप दिया है, जिससे स्वतंत्र रूप से जांच हो पाए. यह फैसला भारत सरकार की मंजूरी से लिया गया था.
बता दें कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई 2026, रविवार को आयोजित की गई थी. इसके बाद से ही राज्सथान से पेपर लीक की खबरें आने लगी थीं. खबर आते ही राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने अब इन आरोपों की पूरी जांच शुरू कर दी है.
SOG टीम को मिला था एक लेटर:
बता दें कि SOG टीम को हाथ से लिखा हुआ एक सजेशन लेटर मिला. इस लेटर में NEET एग्जाम के कई सवाल लिखे थे. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें से 120 सवाल ऐसे थे, जो असली पेपर से मेल खाते थे. 90 सवाल बायोलॉजी और 30 कैमेस्ट्री के थे. इस पेपर लीक मामले से एग्जाम प्रोसेस को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
NTA ने दिया आश्वासन:
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने छात्रों, अभिभावकों और आम जनता को आश्वासन देते हुए कहा है कि कैंसिल की गई परीक्षा नई तारीखों पर फिर से आयोजित की जाएगी. इस डेट की घोषणा भी जल्द ही की जाएगी. इसके साथ ही एजेंसी ने यह भी कहा है कि वह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
CBI जांच से यह पता चल सकता है कि पेपर लीक कैसे हुआ. इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल थे, क्या किसी अधिकारी या कोचिंग सेंटर की भी इश मामले में कोई भूमिका थी या नहीं.