T20 World Cup 2026

CBSE बोर्ड परीक्षा 2026: सुबह 10 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री, किन छात्रों को मिलेगा अतिरिक्त समय? यहां चेक करें सारी गाइडलाइंस

मंगलवार यानी 17 फरवरी से CBSE की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो रही है. ऐसे में छात्रों के लिए सारी गाइडलाइंस जानना बेहद जरूरी है.

pinterest
Antima Pal

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं 2026 के लिए सख्त और स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए हैं. परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया कि सुबह की शिफ्ट में परीक्षा केंद्र के गेट सुबह 10 बजे बंद हो जाएंगे. 10 बजे के बाद पहुंचने वाले किसी भी छात्र को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी, चाहे कोई भी कारण हो. 

सुबह 10 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री

17 फरवरी से शुरू हो रही 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू होगी. इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय से काफी पहले, आदर्श रूप से सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं. इससे एडमिट कार्ड जांच, कमरे का पता लगाना और अन्य औपचारिकताएं आसानी से पूरी हो सकेंगी. स्कूलों को अभिभावकों और छात्रों को इस सख्त समयसीमा के बारे में सूचित करने को कहा गया है. यात्रा की योजना बनाते समय ट्रैफिक, सार्वजनिक परिवहन और दूरी का विशेष ध्यान रखें.

प्रश्न-पत्र वितरण और पढ़ने का समय

सुबह 10:15 बजे प्रश्न-पत्र बांटे जाएंगे. छात्रों को 15 मिनट का समय मिलेगा, जिसमें वे प्रश्न-पत्र को अच्छी तरह पढ़ सकेंगे. इस दौरान छात्र:- सभी सेक्शन को देख सकते हैं, आंतरिक विकल्पों को नोट कर सकते हैं, प्रश्नों को हल करने का क्रम तय कर सकते हैं. हालांकि इस 15 मिनट में उत्तर लिखना पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसका उद्देश्य छात्रों को पेपर की संरचना समझने और मन की तैयारी करने में मदद करना है. 

परीक्षा के दौरान बेल की व्यवस्था

सीबीएसई ने परीक्षा हॉल में बेल की एक व्यवस्थित प्रक्रिया बताई है:- सुबह 10:30 बजे परीक्षा शुरू होने पर एक लंबी बेल बजेगी. पेपर समाप्त होने पर भी एक लंबी बेल बजेगी, बीच-बीच में समय बताने के लिए छोटी-छोटी बेल बजेगी, अंतिम 15 मिनट से पहले एक चेतावनी बेल दी जाएगी.

PwD छात्रों के लिए विशेष प्रावधान

दिव्यांगजन (PwD) श्रेणी के छात्रों को निर्धारित अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जैसा कि सीबीएसई के नियमों में है. इससे उन्हें बिना जल्दबाजी के परीक्षा पूरी करने में मदद मिलेगी. ये दिशानिर्देश कक्षा 10 और 12 दोनों के लिए लागू हैं. सीबीएसई ने छात्रों से अपील की है कि वे इन नियमों का पालन करें ताकि परीक्षा सुचारू रूप से हो सके. समय पर पहुंचना और तैयारी महत्वपूर्ण है.