भारत के फुटबॉल प्रेमी भी देख पाएंगे FIFA वर्ल्ड कप 2026, ZEE ने खरीदे ब्रॉडकास्ट राइट्स
इस समझौते के तहत जी को साल 2034 तक फीफा के 38 अन्य कार्यक्रमों को भी दिखाने का अधिकार होगा और वह भारतीय दर्शकों के लिए फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों को भी लंबे समय तक कवर कर सकेगा.
भारतीय फुटबॉल फेंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. कई महीनों की अनिश्चितता के बाद आखिरकार सोमवार को जी एंटरटेनमेंट ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप के प्रसारण अधिकार खरीद लिए. यानी भारत के फुटबॉल फेंस अब 2026 का फीफा वर्ल्ड कप देख पाएंगे. यह समझौता अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में 11 जून से शुरू होने वाले वर्ल्ड कप से मात्र 10 दिन पहले हुए है.
इस समझौते के तहत जी को साल 2034 तक फीफा के 38 अन्य कार्यक्रमों को भी दिखाने का अधिकार होगा और वह भारतीय दर्शकों के लिए फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों को भी लंबे समय तक कवर कर सकेगा. बता दें कि भारत खेलों के बड़े बाजारों में से एक है.
हालांकि इस समझौते की अभी तक वित्तीय जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. हालांकि रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इस वर्ल्ड कप के प्रसारण के लिए फीफा ने शुरुआत में 100 मिलियन डॉलर की मांग की थी लेकिन बातचीत होते-होते यह समझौता 60 मिलियन डॉलर में हो गया.
इससे पहले जियोस्टार, जो रिलायंस-डिज्नी का संयुक्त उद्यम है ने फीफा के ब्रॉडकास्ट राइट्स खरीदने के लिए करीब 20 मिलियन डॉलर का ऑफर दिया था लेकिन फीफा ने उसे रिजेक्ट कर दिया था. इससे पहले रिलायंस-डिज्नी ने Viacom18 के जरिए साल 2022 के फीफा वर्ल्ड कप का प्रसारण किया था. 2014 और 2018 के फीफा वर्ल्ड कप का प्रसारण करने वाले सोनी ने भी अधिकारों को लेकर चर्चा की थी लेकिन आखिरकार उसने अपनी बोली ही जमा नहीं कराई.
यह पहली बार है जब फीफा वर्ल्ड कप में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं. टूर्नामेंट की मेजबानी संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको द्वारा की जा रही है. माना जा रहा है कि इस बार का फीफा इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होगा.