Sensex 300 अंक टूटा, Nifty 24,050 के नीचे फिसला! जानिए अचानक क्यों लाल हुआ शेयर बाजार?
शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती बढ़त टिक नहीं सकी. सेंसेक्स दिन की ऊंचाई से करीब 300 अंक फिसल गया जबकि निफ्टी 24,050 के नीचे आ गया. आईटी शेयरों में बिकवाली और अमेरिकी फेड के सख्त संकेतों ने दबाव बढ़ाया.
मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती उत्साह दोपहर तक फीका पड़ गया. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने शुरुआती बढ़त गंवा दी और लाल निशान में कारोबार करने लगे. अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रुख आईटी शेयरों में बिकवाली और कमजोर वैश्विक संकेतों ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया.
मुनाफावसूली से बढ़ा दबाव
पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी. इसी वजह से निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली शुरू कर दी. ऑटो, मेटल, रियल्टी, ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और आईटी जैसे प्रमुख सेक्टरों में बिकवाली का दबाव दिखाई दिया. हालिया रैली के बाद निवेशकों ने सुरक्षित रणनीति अपनाई, जिससे बाजार की गति कमजोर पड़ गई और प्रमुख सूचकांक नीचे फिसल गए.
आईटी शेयरों में बिकवाली और फेड का असर
अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को फिलहाल स्थिर रखा, लेकिन आगे दरें बढ़ने की संभावना के संकेत दिए. इसका सबसे ज्यादा असर आईटी कंपनियों के शेयरों पर पड़ा. इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, विप्रो और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयरों में कमजोरी देखने को मिली. भारतीय आईटी कंपनियों की आय का बड़ा हिस्सा अमेरिका से आता है, इसलिए वहां की आर्थिक और ब्याज दर संबंधी नीतियां इन कंपनियों पर सीधा प्रभाव डालती हैं.
Also Read
कमजोर वैश्विक संकेत और रुपये में गिरावट
एशियाई बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली, जिसका असर भारतीय बाजार पर पड़ा. वहीं अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए थे. दूसरी ओर, डॉलर के मुकाबले रुपया भी कमजोर हुआ और 21 पैसे टूटकर 94.71 के स्तर पर पहुंच गया. मजबूत डॉलर और बढ़ती अमेरिकी बॉन्ड यील्ड ने विदेशी निवेशकों की चिंता बढ़ाई, जिससे बाजार का रुख नकारात्मक हो गया.