मुंबई: 2 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखने को मिली. सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 1400 अंक से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी 22,250 के स्तर के करीब पहुंच गया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर दिए गए सख्त भाषण के बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया. ट्रंप ने कहा कि अगले दो-तीन हफ्तों में अमेरिका ईरान पर बहुत सख्त हमला करेगा. इससे कच्चे तेल की कीमतें फिर से उछल गईं और निवेशकों में डर फैल गया.
ट्रंप ने प्राइम टाइम संबोधन में कहा कि अमेरिका ईरान पर 'एक्ट्रीम हार्ड' हमला करेगा. उन्होंने साफ किया कि अगले दो-तीन हफ्तों में ईरान के पावर प्लांट्स सहित कई ठिकानों पर हमले हो सकते हैं. इस बयान से जियोपॉलिटिकल तनाव बढ़ गया है. बेंट क्रूड की कीमत करीब 5% उछलकर $105 के पार पहुंच गई. इससे निवेशक डर गए और बाजार में भारी बिकवाली शुरू हो गई.
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) अप्रैल में भी बिकवाली कर रहे हैं. बुधवार को उन्होंने 8,331 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 7,172 करोड़ रुपये की खरीदारी की. ऊंची क्रूड कीमतें, बढ़ता व्यापार घाटा और रुपए पर दबाव के कारण विदेशी निवेशक सतर्क हो गए हैं. इससे बाजार में गिरावट और तेज हुई.
निफ्टी कल 22,770 के ऊपर टिक नहीं पाया, जिससे बाजार में कमजोरी दिखी. एक्सपर्ट्स के अनुसार आज निफ्टी 21,900 के स्तर तक जा सकता है. वहीं भारत VIX में 5% की बढ़ोतरी हुई है, जो बाजार में अल्पकालिक बिकवाली का संकेत दे रहा है. बढ़ा हुआ VIX निवेशकों में अनिश्चितता को दिखाता है.
ट्रंप के बयान, महंगे तेल, विदेशी बिकवाली और बढ़ी हुई अस्थिरता ने मिलकर बाजार को नीचे धकेला है. आज सुबह 9:16 बजे सेंसेक्स 1,385 अंक गिरकर 71,748 पर और निफ्टी 426 अंक गिरकर 22,253 पर था. ज्यादातर शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे. निवेशक अब आगे की घटनाओं पर नजर रखे हुए हैं.