खुलते ही औंधे मुंह गिरा शेयर बाजार! सेंसेक्स 1100 अंक टूटा, निवेशकों के लाखों करोड़ हुए स्वाहा
बुधवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी गई जहां सेंसेक्स 1100 से अधिक अंक टूट गया और निफ्टी 23150 के पास पहुंच गया. इस मंदी की मुख्य वजहें अमेरिका-ईरान तनाव, आईटी शेयरों में मुनाफावसूली और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें रहीं.
मुंबई: कल तक जिस शेयर बाजार में हर तरफ हरियाली देखकर निवेशक जश्न मना रहे थे आज वहां मंदी का ऐसा लाल तूफान आया कि देखते ही देखते दलाल स्ट्रीट पर कोहराम मच गया. अगर आप भी कल की तेजी देखकर आज दांव लगाने की सोच रहे थे तो जरा रुकिए और बाजार के इस तगड़े झटके को समझ लीजिए.
भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को एक बहुत बड़ी गिरावट देखने को मिली है जिसने पिछले सेशन में हुई सारी बढ़त पर पानी फेर दिया है. बढ़ते वैश्विक तनाव, कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने घरेलू बाजार की कमर तोड़कर रख दी है.
1100 अंक से ज्यादा टूटा सेंसेक्स
आज कारोबार के दौरान दोपहर होते-होते सेंसेक्स 1100 से ज्यादा अंक टूट गया वहीं निफ्टी भी फिसलकर 23,150 के स्तर के पास पहुंच गया. आज बाजार का मिजाज इतना खराब था कि लगभग सभी सेक्टर्स में चौतरफा बिकवाली हावी रही और छोटे-बड़े सभी शेयरों को नुकसान झेलना पड़ा.
क्या रहा बाजार गिरने का सबसे बड़ा कारण?
बाजार के इस तरह धड़ाम होने के पीछे सबसे बड़ा कारण अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता हुआ तनाव है. खाड़ी क्षेत्र में नई सैन्य गतिविधियों की खबरों के बाद निवेशक बेहद सतर्क हो गए हैं. दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत को लेकर बढ़ती अनिश्चितता ने दुनिया भर के वित्तीय बाजारों को डरा दिया है. दूसरा बड़ा झटका आईटी सेक्टर से लगा जहां हालिया तेजी के बाद निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की. आईटी शेयरों में आई इस भारी गिरावट ने पूरे बाजार को नीचे खींचने का काम किया है.
कच्चे तेल की कीमतें भी बढ़ीं
इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतें 97 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है जिसने महंगाई की चिंता को फिर से बढ़ा दिया है. भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल बाहर से खरीदता है इसलिए तेल महंगा होने से देश का खर्च और कंपनियों की लागत बढ़ जाती है. रही-सही कसर विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पूरी कर दी जो भारतीय बाजार से लगातार अपना पैसा निकाल रहे हैं. डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी और अमेरिका की तरफ से नई इंपोर्ट ड्यूटी के प्रस्ताव ने आग में घी का काम किया जिससे बाजार का डर मापने वाला 'इंडिया विक्स' ऊपर चढ़ गया और चारों तरफ मंदी छा गई.
और पढ़ें
- Petrol-Diesel Price: आज 3 जून को पेट्रोल-डीजल के नए रेट आए सामने, जानिए आपके शहर में क्या बदला
- Gold and Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतें जारी, दिल्ली से कोलकाता तक; शहरवार चेक करें रेट
- आपकी संपत्ति के रख-रखाव से लेकर उसे बढ़ाने तक! सबकुछ करेगी 'गोदरेज वेल्थ', दमदार फॉर्मूले के साथ मार्केट में उतरी कंपनी