Petro-Diesel Price Today:पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, आपके शहर में आज कितने रुपये लीटर मिल रहा तेल?
सरकारी तेल कंपनियों ने रविवार के लिए पेट्रोल और डीजल के ताजा रेट जारी कर दिए हैं. आज भी देशभर में ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया.
देशभर में रविवार को पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी कर दी गई हैं. सरकारी तेल कंपनियों ने लगातार एक बार फिर ईंधन के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है. ऐसे में वाहन चालकों को आज भी पुराने रेट पर ही पेट्रोल और डीजल खरीदना होगा. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें पहले के मुकाबले काफी नीचे आने के बावजूद घरेलू स्तर पर कोई राहत नहीं मिली है.
युद्ध के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 112 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, लेकिन अब यह करीब 72 से 75 डॉलर प्रति बैरल के बीच कारोबार कर रहा है. इसके बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. तेल कंपनियां फिलहाल पुराने महंगे कच्चे तेल की लागत का हवाला दे रही हैं.
कई शहरों में पेट्रोल 110 रुपये के पार
देश के कई बड़े शहरों में पेट्रोल की कीमत अब भी 110 रुपये प्रति लीटर से अधिक बनी हुई है. हैदराबाद में पेट्रोल 115.69 रुपये, तिरुअनंतपुरम में 115.49 रुपये, कोलकाता में 113.51 रुपये, पटना में 113.37 रुपये, जयपुर में 112.69 रुपये, बेंगलुरु में 111.68 रुपये और मुंबई में 111.21 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. इन शहरों में ईंधन की ऊंची कीमतें उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बनाए हुए हैं.
Also Read
दिल्ली, लखनऊ और नोएडा में आज का रेट
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है. लखनऊ में पेट्रोल 101.86 रुपये और डीजल 95.36 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. वहीं नोएडा में पेट्रोल 101.96 रुपये और डीजल 99.44 रुपये प्रति लीटर है. गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये तथा डीजल 95.64 रुपये प्रति लीटर, जबकि चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.54 रुपये और डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है.
फिलहाल राहत मिलने के आसार कम
पेट्रोलियम मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि तेल विपणन कंपनियां अभी भी अधिक कीमत पर खरीदे गए कच्चे तेल को रिफाइन कर रही हैं. इसी वजह से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तत्काल कटौती की संभावना कम दिखाई दे रही है. उल्लेखनीय है कि मई महीने में तेल कंपनियों ने चार बार कीमतें बढ़ाई थीं, जिसके बाद देशभर में पेट्रोल और डीजल लगभग 7.5 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो गए थे.
कच्चे तेल की कीमतों पर बनी रहेगी नजर
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में घरेलू ईंधन कीमतों का फैसला अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की चाल और तेल कंपनियों की लागत पर निर्भर करेगा. फिलहाल उपभोक्ताओं को पुराने रेट पर ही पेट्रोल और डीजल खरीदना होगा. यदि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में और गिरावट आती है तथा लागत का दबाव कम होता है, तभी भविष्य में राहत मिलने की संभावना बन सकती है.