नई दिल्ली: अगर आपके घर में एलपीजी कनेक्शन है तो यह खबर आपके काम की है. सरकार ने ग्राहकों को राहत देते हुए ई-केवाईसी पूरी करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त कर दी है. बड़ी संख्या में ग्राहकों की भीड़ और प्रक्रिया पूरी करने में हो रही दिक्कतों को देखते हुए समयसीमा बढ़ाई गई है.
एलपीजी ग्राहकों को अब ई-केवाईसी की प्रक्रिया 31 अगस्त तक पूरी करनी होगी. समयसीमा बढ़ाने का उद्देश्य उन लोगों को अतिरिक्त मौका देना है, जो किसी कारण से अभी तक अपना सत्यापन नहीं करा पाए हैं. ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर तत्काल कनेक्शन रद्द होने की बात नहीं है, लेकिन गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी में परेशानी हो सकती है. इसलिए जिन ग्राहकों ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना इसे पूरा कर लेना बेहतर होगा.
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले ग्राहकों को घरेलू एलपीजी सिलेंडर लेने में व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. खासकर सिलेंडर की बुकिंग या उसकी डिलीवरी प्रभावित हो सकती है. कुछ मामलों में सत्यापन पूरा होने तक सब्सिडी का लाभ भी रुक सकता है और ग्राहक को सिलेंडर के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है. यही वजह है कि सरकार की ओर से ग्राहकों को समय रहते प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा जा रहा है. ई-केवाईसी पूरी होने के बाद ग्राहक का रिकॉर्ड सत्यापित किया जा सकेगा.
ई-केवाईसी के जरिए यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि घरेलू एलपीजी कनेक्शन वास्तविक ग्राहक के नाम पर ही चल रहा है. इसके साथ ही घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाले सिलेंडरों के गलत इस्तेमाल पर भी रोक लगाने का उद्देश्य है. सरकार यह भी सुनिश्चित करना चाहती है कि घरेलू श्रेणी के सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यावसायिक इस्तेमाल न हो. इस सत्यापन से ग्राहक की पहचान और कनेक्शन से जुड़ी जानकारी को रिकॉर्ड के साथ मिलाने में मदद मिलेगी.
ग्राहक ई-केवाईसी की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी कर सकते हैं। इसके लिए Aadhaar FaceRD ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल ऐप से भी प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा उपलब्ध है. इंडियनऑयल के लिए IndianOil ONE, भारतगैस के लिए संबंधित मोबाइल ऐप और एचपी गैस के ऐप के जरिए भी ई-केवाईसी की जा सकती है. प्रक्रिया पूरी करने के लिए मोबाइल नंबर से जुड़ा आधार कार्ड होना जरूरी है. जिन ग्राहकों को ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी हो, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं.