अंबानी को पछाड़कर देश के सबसे अमीर शख्स बने अडाणी, भारत की सबसे अमीर महिला का नाम भी जान लीजिए
एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के अनुसार गौतम अडाणी 9.23 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ मुकेश अंबानी को पछाड़कर देश के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं.
एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के अनुसार गौतम अडाणी और उनका परिवार रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़कर देश में सबसे अमीर बन गया है. अडाणी परिवार की कुल संपत्ति 13% बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपए हो गई है. वहीं, मुकेश अंबानी की संपत्ति में 10% की गिरावट दर्ज की गई, जिससे वे 8.63 लाख करोड़ की नेटवर्थ के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं.
रोशनी नादर सबसे अमीर महिला
इस बार की रिपोर्ट में 1,000 करोड़ रुपए से अधिक संपत्ति वाले 1,810 लोगों को शामिल किया गया है, जिनकी कुल संपत्ति 187.5 लाख करोड़ करोड़ पहुंच गई है. इस बार महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है और सूची में 131 महिलाएं शामिल हैं. एचसीएल टेक्नोलॉजीज की रोशनी नादर मल्होत्रा ₹2.79 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं.
एलएन मित्तल टॉप-3 में शामिल
आर्सेलरमित्तल के एलएन मित्तल और उनका परिवार आठ पायदान की छलांग लगाकर ₹3.39 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. इसके अलावा वेदांता के अनिल अग्रवाल ₹2.08 लाख करोड़ की नेटवर्थ के साथ 9वें स्थान पर रहे, जबकि टॉरेंट फार्मा के समीर मेहता पहली बार टॉप-10 में जगह बनाने में सफल रहे.
Also Read
AI सेक्टर का बढ़ा दबदबा
हुरुन रिच लिस्ट में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को एक अलग सेक्टर के रूप में शामिल किया गया है. इस सेक्टर से 19 अमीरों ने जगह बनाई है, जिनकी कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपए है. AI कंपनी ‘विस्प्र फ्लो’ के 28 वर्षीय सह-संस्थापक तनय कोठारी और सहज गर्ग 4,200-4,200 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सबसे युवा AI उद्यमी बनकर उभरे हैं.
भारत में रिकॉर्ड 391 अरबपति
भारत में 1 अरब डॉलर (डॉलर अरबपति) से अधिक संपत्ति वालों की संख्या रिकॉर्ड 391 पर पहुंच गई है, जिसमें पिछले एक साल में 27 नए नाम जुड़े हैं. रिपोर्ट के अनुसार, लिस्ट में शामिल 70% लोग सेल्फ-मेड हैं. वहीं, 465 अमीरों के साथ मुंबई देश की सबसे पसंदीदा अमीर नगरी बनी हुई है.