Gold-Silver Price Today: सस्ता हुआ गोल्ड, चांदी भी फिसली! जानिए अब कितनी रह गई कीमत
सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में सोना 800 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,000 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई.
नई दिल्ली: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए अहम है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में शुक्रवार को दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई. सोना और चांदी करीब तीन सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गए, जिससे खरीदारों की नजर अब अगले कारोबारी सत्र पर टिक गई है. शुक्रवार के कारोबार के बाद शनिवार और रविवार को बाजार बंद है. ऐसे में सप्ताहांत के दौरान यही बंद भाव निवेशकों और कारोबारियों के लिए संदर्भ कीमत बने रहेंगे. बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर मांग कमजोर रहने से कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है.
सोने की कीमत में 800 रुपये की बड़ी गिरावट
अखिल भारतीय सराफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. यानी एक ही कारोबारी सत्र में इसकी कीमत 800 रुपये कम हो गई. यह स्तर करीब 25 जून के आसपास देखे गए भाव के बराबर माना जा रहा है, जिससे सोना तीन सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया.
चांदी भी नहीं संभली, 2,000 रुपये प्रति किलो हुई सस्ती
सोने के साथ साथ चांदी की कीमतों में भी कमजोरी बनी रही. पिछले कारोबारी सत्र में 2,24,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई चांदी का भाव घटकर 2,22,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया. यानी इसमें 2,000 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई. स्थानीय बाजार में स्पॉट डिमांड कम होने का असर चांदी की कीमतों पर भी साफ दिखाई दिया.
Also Read
एमसीएक्स पर भी दिखा दबाव, वायदा कारोबार रहा कमजोर
हाजिर बाजार की तरह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में भी सोने का रुख कमजोर रहा. अगस्त डिलीवरी वाले सोने के वायदा अनुबंध का भाव 248 रुपये टूटकर 1,40,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इस दौरान एक्सचेंज पर 1,026 लॉट का कारोबार दर्ज किया गया. विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक संकेतों के साथ घरेलू मांग में कमी का असर वायदा बाजार पर भी दिखाई दिया.
विदेशी बाजारों से मिले मिले जुले संकेत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की चाल अलग अलग रही. स्पॉट गोल्ड में 0.39 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई और यह 3,992 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 55.37 डॉलर प्रति औंस पर रही. वहीं न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,985.52 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया. वैश्विक संकेतों और घरेलू मांग की स्थिति पर अब निवेशकों की नजर बनी हुई है.