CNG ने दिया महंगाई का झटका, दिल्ली-NCR में 3.89 रुपये किलो बढ़े दाम; जानें आपके शहर का रेट

दिल्ली-NCR में IGL ने 29 अगस्त सुबह 6 बजे से CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़ा दी है. IGL ने बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय LNG कीमतों में वृद्धि को मुख्य कारण बताया है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में CNG वाहन चलाने वालों के लिए शनिवार से खर्च बढ़ गया है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड यानी IGL ने CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है. नई दरें 29 अगस्त शनिवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं. इस बढ़ोतरी का सीधा असर कार, ऑटो, टैक्सी और अन्य कमर्शियल वाहनों से सफर करने वाले लोगों पर पड़ सकता है.

IGL की नई कीमत सूची के अनुसार दिल्ली में CNG की कीमत अब 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है. वहीं नोएडा और गाजियाबाद में CNG 95.59 रुपये प्रति किलो मिलेगी. मेरठ में नई कीमत 95.47 रुपये प्रति किलो और गुरुग्राम में 92.01 रुपये प्रति किलो हो गई है.

किस शहर में कितनी हुई CNG की कीमत?

नोएडा में CNG की नई कीमत 95.59 रुपये प्रति किलो है. गाजियाबाद में भी CNG 95.59 रुपये प्रति किलो हो गई है. मेरठ में नई दर 95.47 रुपये प्रति किलो है. गुरुग्राम में CNG अब 92.01 रुपये प्रति किलो मिलेगी. दिल्ली में नई कीमत 86.98 रुपये प्रति किलो है.


इससे पहले नोएडा और गाजियाबाद में CNG 91.70 रुपये प्रति किलो मिल रही थी. वहीं गुरुग्राम में इसकी कीमत 88.12 रुपये प्रति किलो थी. यानी इन शहरों में वाहन चालकों को अब हर किलो CNG के लिए पहले से ज्यादा भुगतान करना होगा.

LNG की अंतरराष्ट्रीय कीमतों का असर

IGL के अनुसार CNG की कीमत में बढ़ोतरी के पीछे LNG की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि मुख्य वजह है. CNG के लिए इस्तेमाल होने वाली गैस का एक हिस्सा LNG आयात के जरिए मिलता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमत बढ़ने का असर घरेलू CNG की लागत पर भी पड़ता है.

कंपनी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय LNG कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं. इससे गैस की इनपुट लागत बढ़ी है. लागत में हुई वृद्धि के असर को कुछ हद तक कम करने के लिए CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है.

West Asia तनाव से बढ़ा दबाव

अंतरराष्ट्रीय LNG बाजार में कीमतों पर पश्चिम एशिया में जारी तनाव का भी असर बताया जा रहा है. Strait of Hormuz के जरिए ऊर्जा कार्गो की आवाजाही प्रभावित होने की चिंता ने बाजार पर दबाव बढ़ाया है. इसके अलावा सर्दियों से पहले यूरोप में LNG की मांग बढ़ने से भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों पर दबाव बना हुआ है.

कमर्शियल वाहन चालकों पर ज्यादा असर

CNG की कीमत बढ़ने से ऑटो, टैक्सी, कैब, कार और अन्य कमर्शियल वाहनों की रोजाना संचालन लागत बढ़ सकती है. दिल्ली-NCR में बड़ी संख्या में लोग और परिवहन संचालक CNG वाहनों पर निर्भर हैं. ऐसे में लंबे समय तक ईंधन महंगा रहने पर यात्री किराए और माल ढुलाई की लागत पर भी इसका असर पड़ सकता है.

इससे पहले IGL ने मई में चार चरणों में CNG की कीमत में कुल 6 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी. अब 3.89 रुपये प्रति किलो की नई वृद्धि से CNG वाहन चालकों का ईंधन खर्च एक बार फिर बढ़ गया है.