Suzuki Electric Scooter: भारत में सुजुकी के पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर का उत्पादन शुरू, जानें कितनी होगी कीमत?
सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने 26 मई 2025 को अपने गुड़गांव (गुरुग्राम) स्थित विनिर्माण संयंत्र में अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर, सुजुकी ई-एक्सेस का उत्पादन शुरू करने की घोषणा की है.
Suzuki Electric Scooter: सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने 26 मई 2025 को अपने गुड़गांव (गुरुग्राम) स्थित विनिर्माण संयंत्र में अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर, सुजुकी ई-एक्सेस का उत्पादन शुरू करने की घोषणा की है. यह स्कूटर भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में पहली बार दिखाई गई थी. जो सुजुकी के भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में प्रवेश का प्रतीक है. कंपनी ने बताया कि इस स्कूटर की कीमत अगले कुछ हफ्तों में घोषित की जाएगी.
सुजुकी ई-एक्सेस, ई-टेक्नोलॉजी पर आधारित है, जिसमें लिथियम आयरन फॉस्फेट (एलएफपी) बैटरी का उपयोग किया गया है. यह बैटरी लंबी आयु और बेहतर थर्मल स्थिरता के लिए जानी जाती है. स्कूटर में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, मेंटेनेंस-फ्री बेल्ट ड्राइव, और रिवर्स मोड जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं. इसके अतिरिक्त, यह तीन राइडिंग मोड्स - इको मोड, राइड मोड ए, और राइड मोड बी - के साथ आता है. सुजुकी का कहना है, "बैटरी और इसके कंपोनेंट्स को डूबने, तापमान चरम सीमा, गिरने, कंपन, मोटर बेंच, पंचर, और क्रश टेस्ट जैसे कठोर परीक्षणों से गुजरना पड़ता है.'
क्या है टेक्नीकल खूबी
इस स्कूटर में 3 kWh फिक्स्ड बैटरी पैक है, जो एक बार चार्ज करने पर 95 किलोमीटर की रेंज प्रदान करता है. पोर्टेबल चार्जर से बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में 6 घंटे 12 मिनट लगते हैं, जबकि फास्ट चार्जर इसे 2 घंटे 12 मिनट में चार्ज कर सकता है. स्कूटर की मोटर 5.5 हॉर्सपावर और 15 एनएम टॉर्क उत्पन्न करती है. यह एक कनेक्टेड रंगीन डिस्प्ले के साथ आता है, जो यूजर अनुभव को और बेहतर बनाता है.
सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया
सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एसएमआईपीएल), जापान की सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन की सहायक कंपनी, ने फरवरी 2006 में गुरुग्राम के खेड़की दौला में अपने विनिर्माण संयंत्र की शुरुआत की थी. इस संयंत्र की वार्षिक उत्पादन क्षमता 13 लाख यूनिट है. कंपनी 125 सीसी स्कूटर और 150 सीसी से अधिक की प्रीमियम मोटरसाइकिलों का निर्माण करती है.